सान्विका, शार्दूल और कंदर्प ने बढ़ाया कानपुर का गौरव
कानपुर, 5 सितंबर 2026। मेरठ के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 29 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक आयोजित Yonex Sunrise 2nd Sub-Junior UP State Major Tournament (Under-15 एवं Under-17) में कानपुर के युवा बैडमिंटन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता के अंडर-15 बालिका एकल वर्ग में द चिंटल्स स्कूल की प्रतिभाशाली खिलाड़ी सान्विका गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सान्विका ने बालिका युगल वर्ग में झांसी की आरुषि गर्ग के साथ जोड़ी बनाकर भी द्वितीय स्थान हासिल किया। सान्विका की इस दोहरी सफलता ने कानपुर की महिला बैडमिंटन प्रतिभा को प्रदेश स्तर पर एक नई पहचान दिलाई।
वहीं अंडर-15 बालक एकल वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल, कल्याणपुर के शार्दूल खत्री ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस वर्ग में पूरे उत्तर प्रदेश से 256 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसके अतिरिक्त अंडर-15 बालक युगल वर्ग में शार्दूल खत्री एवं कंदर्प खत्री की जोड़ी ने तृतीय स्थान हासिल किया। बालक युगल वर्ग में प्रदेश की 64 टीमों ने प्रतिभाग किया।
कानपुर बैडमिंटन संघ ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि सान्विका गुप्ता, शार्दूल खत्री एवं कंदर्प खत्री की सफलता कानपुर में बैडमिंटन की मजबूत होती नई पीढ़ी का प्रमाण है। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ने उनके विद्यालय, अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों के साथ-साथ कानपुर शहर और कानपुर बैडमिंटन संघ का भी गौरव बढ़ाया है।
संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों, प्रशिक्षकों एवं विद्यालयों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि कानपुर की युवा प्रतिभाएं लगातार राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं और आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर भी शहर का नाम रोशन करेंगी।
इस अवसर पर कानपुर बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष डॉ. ए.के. अग्रवाल, चेयरमैन मनोज पांडेय, उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, संदीप जैन, महीप सक्सेना, कार्यकारी सचिव आशुतोष सत्यम झा, सौरभ श्रीवास्तव, आशीष गौर ने खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों राहुल शुक्ला,रवि कुमार दीक्षित एवं मोहम्मद रूमान को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कानपुर बैडमिंटन संघ की ओर से सान्विका गुप्ता, शार्दूल खत्री एवं कंदर्प खत्री को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।


















