कानपुर नगर। ग्रामश्री संस्था की स्थापना वर्ष 1995 में गुजरात की प्रथम महिला मुख्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और उत्थान के उद्देश्य से की गई थी। महिलाओं के हुनर को हस्तकला से जोड़कर संस्था ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की 77,000 महिलाओं के जीवन को नई दिशा प्रदान की है और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
क्राफ्टरूट्स ने अब तक भारत के विभिन्न प्रमुख शहरों के साथ-साथ दुबई और सिंगापुर जैसे देशों में 92 प्रदर्शनियों का आयोजन किया है। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक कलाओं और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने तथा उनका विस्तार करने का प्रयास किया गया है।
भारत के सभी राज्यों के 35,000 से अधिक कारीगरों के साथ जुड़ी क्राफ्टरूट्स संस्था द्वारा कानपुर में आयोजित होने वाली आगामी प्रदर्शनी में भारत के 22 राज्यों के 90 से अधिक कारीगरों द्वारा निर्मित 90 से अधिक प्रकार के हस्तशिल्प प्रदर्शित किए जाएंगे। इस प्रदर्शनी में पारंपरिक हस्तकलाओं का लाइव प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिसमें श्री अहमद हुसैन खत्री द्वारा बाग प्रिंट (मध्य प्रदेश), अक्षय कुमार बारिकी द्वारा पट्टचित्र चित्रकला (पश्चिम बंगाल) और महेश कुमार द्वारा काँच कला (उत्तर प्रदेश) का प्रदर्शन शामिल होगा।
इस प्रदर्शनी का आयोजन कन्वेंशन सेंटर, चुन्नीगंज, कानपुर में किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन उत्तर प्रदेश की राज्यपाल, महामहिम श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे किया जाएगा।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















