भाजपा अध्यक्ष सुरेश शुक्ला ने किया उद्घाटन, 50 प्रशिक्षार्थियों को मिलेगा तकनीकी एवं स्वरोजगार का प्रशिक्षण
उन्नाव। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना एक जिला एक उत्पाद (ODOP) के अंतर्गत उन्नाव जनपद में लेदर उत्पाद ट्रेड के 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा अध्यक्ष सुरेश शुक्ला ने फीता काटकर किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन बंथर स्थित लेदर फैक्ट्री परिसर में किया जाएगा, जिसमें कुल 50 प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण केंद्र की ओर से शिशिर अवस्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का संचालन आगरा की संस्था ओडीओपी सामान्य सुविधा केंद्र द्वारा किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रशिक्षार्थियों को लेदर उत्पाद निर्माण से संबंधित तकनीकी जानकारी के साथ-साथ सॉफ्ट स्किल, मैनेजरियल स्किल तथा स्वयं का रोजगार स्थापित करने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। प्रशिक्षण अवधि में प्रशिक्षार्थियों के लिए नि:शुल्क जलपान एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत लेदर सेक्टर स्किल काउंसिल द्वारा सभी प्रशिक्षार्थियों का मूल्यांकन (असेसमेंट) कराया जाएगा। मूल्यांकन में सफल होने वाले प्रशिक्षार्थियों को सरकार की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही जिला उद्योग केंद्र, उन्नाव द्वारा पात्र सफल प्रशिक्षार्थियों को निशुल्क टूल किट का वितरण किया जाएगा, जिससे वे अपना स्वरोजगार प्रारंभ कर सकें।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला उद्योग केंद्र, उन्नाव के उपायुक्त उद्योग मोहम्मद सऊद के दिशा-निर्देशन में संचालित किया जा रहा है तथा ओडीओपी सेल, लखनऊ द्वारा इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा अध्यक्ष सुरेश शुक्ला ने प्रशिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न रोजगारपरक एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा प्रशिक्षण के माध्यम से तकनीकी दक्षता हासिल कर सरकार की योजनाओं का लाभ उठाते हुए आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा युवाओं के कौशल विकास एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए संचालित योजनाओं से भी सभी को अवगत कराया।
इस अवसर पर स्वस्तिक इंटरनेशनल के निदेशक कपिल शुक्ला एवं सिल्वर टैक्स के प्रबंधक शोएब अंसारी ने भी प्रशिक्षार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें मेहनत, लगन एवं गुणवत्ता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लेदर उद्योग में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए सफलता के महत्वपूर्ण गुर बताए। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को लेदर उद्योग से जोड़ने, उनके कौशल विकास तथा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया।
रजत तिवारी की रिपोर्ट


















