Advertisement

मुनि श्री सुप्रभसागर जी महाराज की बुधवार को बानपुर में होगी भव्य अगवानी

ललितपुर। आचार्य श्री विशुद्धसागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनि श्री सुप्रभसागर जी महाराज , मुनि श्री प्रणतसागर जी महाराज रात्रि विश्राम नैनवारा स्कूल में करने के बाद मंगलवार को पद विहार करते हुए महरौनी पहुँचे। जहाँ पर उनका भव्य स्वागत, वन्दन किया गया। ब्र. साकेत भैया के निर्देशन में आयोजित सम्यक समाधान के कार्यक्रम में मुनिश्री ने श्रद्धालुओं की जिज्ञासाओं का आगमोक्त समाधान प्रदान किया।
मीडिया प्रभारी डॉ सुनील संचय ललितपुर ने बताया कि मुनिद्व्य का पद विहार परासिया, छिंदवाड़ा से दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र क्षेत्रपाल बानपुर में उनके सान्निध्य में आगामी 21 जनवरी 2022 से 27 जनवरी 2022 तक श्री मज्जिनेन्द्र शांतिनाथ चौबीसी तथा मानस्तम्भ पंचकल्याणक प्रतिष्ठा, विश्वशांति महायज्ञ एवं गजरथ महोत्सव का आयोजन के लिए चल रहा है।
दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र क्षेत्रपाल बानपुर के अध्यक्ष महेन्द्र कुमार नायक ने बताया कि मुनि संघ बुधवार को महरौनी से पद विहार कर दोपहर लगभग 3 बजे बानपुर में पहुँचेंगे। उनकी भव्य अगवानी गाजे-बाजे के साथ बानपुर से 3 किलोमीटर दूर वीर ग्राम तिगैला से की जाएगी। कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए अगवानी में शामिल होकर पुण्यार्जन कर धर्म लाभ लें। पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियां निरंतर जैन समाज द्वारा चल रही हैं।
बानपुर जैन समाज के प्रमुख समाज श्रेष्ठिजनों ने महरौनी पहुँचकर मुनिद्व्य को श्रीफल समर्पित कर आशीर्वाद ग्रहण किया। इस दौरान दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र क्षेत्रपाल बानपुर के अध्यक्ष महेन्द्र कुमार नायक, जय मड़वैया,विजय मड़वैया, सनी सिंघई, सुनील परासिया, भानु भैया, महावीर मड़वैया, गोल्डी नायक आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
सकारात्मक सोच रखें: मुनि श्री सुप्रभसागर जी महाराज ने सम्यक समाधान कार्यक्रम में एक जिज्ञासा का समाधान करते हुए कहा कि हमें बदलते समय के साथ अपने आपको भी बेहतर बनाना होता है। एक बेहतर इंसान बनने के लिए यह आवश्यक है कि आप सकारात्मक नजरिया रखें। सकारात्मक नजरिया रखने से व्यक्तित्व में निखार आता है। हम हर समस्या से निपट सकते हैं। हर परिस्थिति का मुकाबला कर सकते हैं। हमारा नजरिया ही हमारी आधी समस्या को हल कर देता है। जब परिस्थितियां व्यक्ति के अनुकूल नहीं होती तो वह विचलित हो जाते हैं। परन्तु यदि नजरिया सकारात्मक है तो विचलित न होकर उस समय संयम का परिचय दें। हमारे इस नजरिये से परिस्थितियों पर हमारी मजबूत पकड़ होती है।

मु0 जाकिर मंसूरी ललितपुर

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
WhatsApp Image 2025-12-26 at 18.39.14
nsingh