नवाबगंज उन्नाव। सरकार की मंशानुरूप शुक्रवार को विकासखण्ड स्थिति सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर मोहान विधायक द्वारा आशा बहुओं को मोबाइल फोन वितरित किये गये। जहाँ एक तरफ सरकार आशा बहु को मोबाइल फोन देकर उनकी कार्यप्रणाली को हाईटेक बना रही है। वही आशा बहुओं का भत्ता बढ़ाकर 1500 करने की भी घोषणा मोहान विधायक द्वारा की गयी।
नवाबगंज विकासखण्ड स्थित स्वास्थ्य केन्द्र पर शुक्रवार को सरकार की मंशानुसार 76 आशाबहुओं को मोबाइल फोन वितरित करने के लिए मोहान विधायक बृजेश रावत सहित ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रवि प्रताप सिंह पहुंचे। जिनका स्वागत स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ अरुण कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। क्षेत्रीय विधायक ने सबसे पहले कार्यक्रम में करीब दो घंटे विलम्ब से पहुंचने के लिए खेद व्यक्त किया। जिसके बाद विधायक ब्रजेश रावत व रवि प्रताप सिंह ने उपस्थित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए पार्टी की नीतियों व विधवा पेंशन बढ़ाने, आवास, शौचालय, दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान कार्ड आदि योजनाओं के बारे विस्तार पूर्वक बताया। वही आशा बहुओं को स्वास्थ्य विभाग की पहली कड़ी बताते हुए कोविड संक्रमण काल के दौरान उनके द्वारा डोर टू डोर किट वितरण करने, स्क्रीनिंग का कार्य आदि करने में की गयी कड़ी मेहनत के लिए सराहना की। इस दौरान आशा बहु द्वारा अजगैन से बिरसिंघी मार्ग बहुत जर्जर हालत में होने की शिकायत पर बताया कि उस मार्ग के लिए निविदा प्रकाशित हो चुकी है। जल्द ही मार्ग का निर्माण कार्य शुरू होगा। वही बताया कि सरकार ने आशा बहुओं का भत्ता बढ़ाकर 1500 रु कर दिया गया है।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रवि प्रताप सिंह ने क्षेत्रीय विधायक से स्वास्थ्य केंद्र में जर्जर हालत में पहुंच गए डॉक्टरों के आवास के बारे में उचित निर्णय लेने की गुजारिश की। वही कार्यक्रम में अनुपमा, बीना, उर्मिला, मनोरमा, ज्ञानवती, शशि आदि आशा बहुओं को मोबाइल फोन वितरित किये।
स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ अरुण कुमार ने बताया कि योजना के तहत प्रथम चरण में क्षेत्र के हेल्थ वेलनेस सेंटर पर कार्यरत 77 आशा बहु को आज मोबाइल फोन वितरित किये गये। उन्होंने बताया कि आगामी 3 जनवरी से 15 से 18 वर्ष आयुवर्ग के बच्चों का कोविड वैक्सीन टीकाकरण शुरू होना है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ राजेश कुमार, डॉ रजत मल्होत्रा, डॉ रिचा श्रीवास्तव, मलखान सिंह, जयप्रकाश दीक्षित, प्रशांत दीक्षित, अनिल कुमार, प्रवीण कुमार, सुनील कुमार, कुमार गौरव, अंकित यादव आदि स्वास्थ्य कर्मियों सहित बड़ी संख्या में आशा बहुएं उपस्थित रही।


















