प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में 70 वर्षों से चले आ रहे राजनीति के एजेंडे को बदल दिया है। पहले देश में जाति, मजहब और व्यक्ति आधारित राजनीति होती थी, लेकिन अब देश हित को केंद्र में रखकर गांव, गरीब, किसान, नौजवान और महिला कल्याण की राजनीति हो रही है।
ये बातें शनिवार को भाजपा दक्षिण द्वारा साकेत नगर के एक गेस्ट हाउस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन पर आयोजित प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने कही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा दक्षिण जिला इकाई द्वारा लगाई “नमो प्रदर्शनी” का कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, सांसद सत्यदेव पचौरी, महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक महेश त्रिवेदी, जिलाध्यक्ष डॉ वीना आर्य पटेल ने दीप प्रज्वलन कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पीएम मोदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को लेकर भाजपा द्वारा यह प्रदर्शनी लगाई गई है । भाजपा लगातार जन सेवा के कार्य कर रही है। नमो प्रदर्शनी के माध्यम से प्रधानमंत्री के कार्यकाल की चुनौतियों निर्णय, सेवा व समर्पण के कार्यों को जनता के बीच दिखाया व पहुंचाया जा रहा है। पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल में न केवल भारत को हर दृष्टि से समृद्ध बनाने की दिशा में काम किया बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक ताकतवर देश के रूप में भारत का सम्मान भी बढ़ाया। मोदी का कृतित्व व व्यक्तित्व देश व दुनिया के लोगों के लिए प्रेरणादायक है। प्रधानमंत्री ने अपने दूसरे कार्यकाल में महज 100 दिन में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त करने का साहसिक कार्य किया है। इस मुद्दे पर पाकिस्तान दुनिया में अलग-थलग पड़ गया। वैश्विक मंच पर भारत की इतनी बड़ी सफलता पहली बार देखने को मिली।उन्होंने कहा कि तीन तलाक की कुप्रथा को समाप्त करने का ऐतिहासिक निर्णय भी मोदी के नेतृत्व में लिया गया।
सांसद सत्यदेव पचौरी ने कहा कि किसान सम्मान निधि के माध्यम से प्रत्येक किसान को 6 हजार रुपये दिए गए हैं। दूसरे कार्यकाल में 100 दिन में मोदी सरकार ने हर घर नल की योजना और जल संरक्षण के लिए व्यापक कार्ययोजना बनाई है। उन्होंने कहा कि मोदी के जीवन के महत्वपूर्ण पक्षों को लेकर जो प्रदर्शनी लगाई गयी है वह विभिन्न पक्षाें और वर्ग के लोगों के लिए अत्यन्त प्रेरणादायी और अनुकरणीय है।
प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर महापौर प्रमिला पाण्डेय ने कहा कि युवा पीढ़ी और भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री मोदी से तपस्या, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी देश व समाज हित में जुटे रहने की प्रेरणा लेनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने सभी के कल्याण को ध्येय मानकर अपना जीवन राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित कर दिया।
जिलाध्यक्ष डॉ वीना आर्या ने कहा कि समाज में अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान और सेवा भाव से प्रेरित होकर पीएम मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता स्वच्छता अभियान, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान व पौध रोपण सहित जनसेवा के कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी से कार्यकर्ताओं को प्रेरणा मिलेगी।
प्रदर्शनी में चित्रों के माध्यम से बताई मोदी के जीवन की कहानी।
पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में लगाई गई प्रदर्शनी में उनके जीवन की पूरी कहानी बयां की गई। इसमें मेहसाना स्टेशन पर सैनिकों को चाय पिलाते बाल दामोदर दिखेंगे तो सर्जिकल, एयर स्ट्राइक और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 व 35ए समाप्त कर भारत को वैश्विक मंच पर ताकतवर देश के रूप में पेश करने वाले प्रधानमंत्री दिखाई देंगे।
चार बार गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर लगातार दो बार देश के प्रधानमंत्री तक के सफर की कहानी कार्यकर्ताओं और दर्शकों के लिए प्रेरणादायी बन गई। प्रदर्शनी में बचपन में स्कूल की पढ़ाई से लेकर खेल-खेल में मगरमच्छ के बच्चे को उठाकर लाने, एक प्रचारक के रूप में संगठन को मजबूत करने से लेकर मुख्यमंत्री के रूप में गुजरात के विकास की कहानी को चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है।
प्रधानमंत्री के रूप में देश को आर्थिक, सामाजिक दृष्टि से मजबूत करने के साथ विश्वपटल पर देश का सम्मान बढ़ाने की कहानी का भी चित्रण किया है। 19 सितंबर तक चलने वाली प्रदर्शनी में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त करने, ट्रिपल तलाक समाप्त करने, सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जैसी उपलब्धियां दिखाई गई हैं।
प्रमुख रूप से ,पूनम द्विवेदी, महेश त्रिवेदी, शिवराम सिंह, बाल चंद्र मिश्र, संजय कटियार जिलामंत्री,अरविन्द वर्मा, अमित मिश्रा ,मनीष त्रिपाठी ,रघुनंदन भदौरिया,मौजूद रहे।


















