मुख्य अतिथि मा0 मंत्री औद्योगिक विकास निर्यात प्रोत्साहन उ0प्र0 शासन श्री नन्द गोपाल गुप्ता ’नन्दी‘ की उपस्थिति में इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन मर्चेन्ट चेम्बर के सभागार में सम्पन्न हुआ, कार्यक्रम में मा0 मंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग उ0प्र0 शासन श्री राकेश सचान, मा0 सांसद श्री सत्यदेव पचैरी, मा0 विधायक श्रीमती सरोज कुरील, सी0ई0ओ0 यू0पी0 सीडा श्री मयूर महेश्वरी, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी यू0पी0 सीडा सुश्री अस्मिता पटेल, अपर आयुक्त उद्योग सुश्री कृतिका शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी श्री सुधीर कुमार, संयुक्त आयुक्त उद्योग श्री सर्वेश्वर शुक्ला, उपायुक्त उद्योग श्री सुधीर श्रीवास्तव, क्षेत्रीय प्रबन्धक यू0पी0 सीडा श्री मयंक मंगल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। आज के आयोजित इन्वेस्टर्स समिट कार्यक्रम में 70 हजार करोड़ के एम0ओ0यू0 साइन किए गए तथा कार्यक्रम में 31 बड़े निवेशक एवं उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र, शाल एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।
सी0ई0ओ0 यू0पी0 सीडा श्री मयूर महेश्वरी ने अतिथियों का स्वागत करते हुये अपने उद्बोधन में कहा कि कानपुर की एक अलग पहचान शुरू से रही है, कानपुर उद्योग नगरी के नाम से जाना जाता रहा है। आज इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन हो रहा है उन्होंने कहा कि इन्वेस्टर्स सम्मिट को लेकर प्रदेश में एक सकारात्मक माहौल बना है। उत्तर प्रदेश के अंदर निवेश करने के लिए बहुत से लोग इच्छुक हैं और वह निवेश कर रहे हैं, आज 70 हजार करोड़ के एम0ओ0यू0 साइन हुए हैं, जिसके अन्तर्गत यू0पी0 सीडा द्वारा 11819 करोड़ एवं एम0एस0एम0ई0 द्वारा 9229 करोड़ का निवेश कराया गया। उन्होंने कहा कि और हमें उम्मीद है कि इन्वेस्टर्स समिट में जाते-जाते एक लाख करोड़ तक यह आंकड़ा पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की इकोनामी को गति देने के लिए तैयार है, आइए देश की इकोनामी का हिस्सा बने और उत्तर प्रदेश में निवेश करें।
मा0 मंत्री श्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने अपने सम्बोधन में कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन व मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में वर्ष 2017 से 2022 में उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बना है और अब सर्वोत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि आज इन्वेस्टर्स समिट का पूरे प्रदेश के जनपदों में ऐसा महोल स्थापित हो गया है कि लोग विकास का उत्सव मना रहे हैं। प्रत्येक जिले में उत्साह है और लोगों के मन में ऐसी भावना जागृत हो गयी है कि लोग किसी न किसी सेक्टर में निवेश करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत पूरी दुनिया में विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। 2014 से जब से माननीय प्रधानमंत्री जी ने देश की बागडोर संभाली है तब से विश्व में हमारे देश का मान सम्मान बढ़ा है। माननीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन व माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यू0पी0 भारत की सबसे तेज बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के अन्दर सुरक्षा व भयमुक्त वातावरण स्थापित हो गया है, जिसके कारण प्रदेश में तीव्र गति से निवेश हो रहा है, लोग उत्तर प्रदेश में निवेश करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इन्वेस्टर्स समिट में जो भी एम0ओ0यू0 साइन होंगे और जब वह धरातल पर उतरेंगे तो लाखों लोगों को उसमें रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से उद्यमियों को मैं आश्वासन देता हूं कि यदि वह उत्तर प्रदेश में निवेश करते हैं, अपना उद्योग स्थापित करते हैं तो उन्हें यदि कहीं पर भी कोई समस्या आएगी तो समयबद्ध प्राथमिकता से उसका निस्तारण कराया जाएगा।

मा0 मंत्री श्री राकेश सचान ने कहा कि हमें बड़ा हर्ष हो रहा है कि आज के इस इन्वेस्टर्स समिट में उद्यमियों का स्वागत करने का हमें मौका मिला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लैण्ड है, श्रम है और अपार संभावनाएं भी हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलप किया जा रहा है, जिसको देखकर उत्तर प्रदेश की जनता ने 37 साल का इतिहास तोड़ा है, दूसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार माननीय मुख्यमंत्री जी श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बनी है। उन्होंने कहा कि कानपुर उद्योग नगरी के नाम से मशहूर रहा है। कानपुर में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लैण्ड बैंक की व्यवस्था की जा रही है। केंद्र व प्रदेश की सरकार निरन्तर यह प्रयास कर रही है कि लोगों को कैसे आगे बढ़ाया जाए, किसानों को कैसे आगे बढ़ाया जाए, उद्योगों को कैसे आगे बढ़ाया जाए इस पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानपुर में न्यू कानपुर सिटी बनाना है जिसके लिए लैण्ड की आवश्यकता होगी, जिसका प्रबंध करने के लिए का कवायद शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि रोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार हर सेक्टर में कार्य कर रही है, प्रमोट कर रही है, प्रोत्साहन दे रही हैं।

मा0 सांसद श्री सत्यदेव पचैरी ने कहा कि मैं कानपुर के उद्यमियों से यह अपील करता हूं कि आज जो भी एम0ओ0यू0 साइन हुए हैं उनको जल्द से जल्द धरातल पर उतारें, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार मिले और लोग उसका लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में 400 उद्यमी निवेशकों द्वारा प्रतिभाग किया गया तथा यू0पी0 सीडा, एम0एस0एम0ई0, हैण्डलूम निर्यात तथा अन्य सेक्टरवार नई योजनाओं का प्रस्तुतिकरण किया गया।
कार्यक्रम में निदेशक डाॅलफिन ग्रुप/आनन्द कम्पनी आॅफ ग्रुप श्री विश्वनाथ गुप्ता, चेयरमैन/एम0डी0 एम0के0यू0 श्री मनोज गुप्ता, निदेशक लाॅर्ड शिवा इन्टरनेशनल श्री सुशील टकरू द्वारा उ0प्र0 सरकार की योजनाओं की प्रशंसा करते हुये कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश में निवेश का बहुत ही अच्छा महौल है, विदेशों से और देश के विभिन्न प्रदेशों से बड़े पैमाने पर लोग उ0प्र0 में निवेश कर रहे हैं। यू0पी0 सीडा विभाग और एम0एस0एम0ई0 विभाग द्वारा उद्यमियों के हित में समस्त योजनाओं को आॅनलाइन प्रक्रिया के तहत पारदर्शी कर दिया गया है, जिससे उद्यमियों में बहुत उत्साह है।



















