Advertisement

मेगा यूथ फेस्टिवल एक्सप्रेशन का भव्य आयोजन

विश्व के सर्वाधिक युवा प्रधान देश भारत के युवाओं में आध्यात्मिकता के माध्यम से आंतरिक स्थिरता को सुदृढ़ करने हेतु इस्कॉन कानपुर ने आज दिनांक 7 अप्रैल 2023 को मेगा यूथ फेस्टिवल एक्सप्रेशन का भव्य आयोजन किया।
इससे पूर्व 2016-17 एवं 2018 में भी इस्कॉन कानपुर ,ऐसे युवा महोत्सव के माध्यम से युवाओं के मन में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचरण करने का अद्भुत कार्य करता रहा है। कोविड-19 के चलते विगत कुछ वर्षों के अंतराल के पश्चात पुनः, इस्कॉन कानपुर एक्सप्रेशन मेगा यूथ फेस्ट के माध्यम से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों जैसे लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, झांसी, उन्नाव, कन्नौज आदि के युवाओं की इस कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित कर रहा है।
लगभग 108 शैक्षणिक संस्थान जैसे आईआईटी कानपुर, आईआईटी बीएचयू ,पीएसआईटी, एचबीटीयू सीएसजेएमयू आदि के साथ विभिन्न विद्यालयो ने भी इस आयोजन में उत्साह पूर्वक सहभागिता की है।
इस कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण हैं इंडियाज गौट टैलेंट के क्रेज़ी हौपर्स डांस ग्रुप, सैंड आर्टिस्ट सर्वम पटेल ,मेंटल वैलनेस थीम पर आधारित आईआईटी बीएचयू के छात्रों द्वारा ड्रामा ,अंतर्राष्ट्रीय कीर्तन बैंड ,एवं विश्व प्रसिद्धि वक्ता , श्रीमान अमोघ लीला दास जी । श्रीमान अमोघ लीला दास जी ने अत्यंत अत्यंत रोचक पूर्ण और सरल अंदाज में मानसिक स्वास्थ्य की महत्ता के विषय में युवाओं को मार्गदर्शन प्रदान करते‌ हुए यह संदेश दिया कि मनुष्य को मन को शिक्षित करना चाहिए ना कि मन की इच्छाओं से शिक्षित होना चाहिए ।इसके लिए आवश्यक है कि युवा एक कृष्णभावनामृत-केंद्रित जीवन व्यतीत करे ।इसी के साथ इस्कॉन के वरिष्ठ जीबीसी परम पूजनीय गोपाल कृष्ण गोस्वामी महाराज जी ने ऑनलाइन माध्यम से अपने आशीर्वाद को प्रदान किया और वैदिक शास्त्रों कि शिक्षाओं को ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज तक प्रसारित करने की बात कही ताकि युवाओं का जीवन सकारात्मक ऊर्जा की ओर अग्रसर हो सके। परम पूजनीय भक्ति प्रचार परिव्राजक स्वामी महाराज ने कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत संदेश के साथ करते हुए युवाओं का अपने प्रेरणादायी वचनों से उत्साहवर्धन किया।इस्कॉन के जोनल सेक्रेटरी श्रीमान देवकीनंदन दास जी ने मुख्य अतिथियों ,आयोजकों एवं प्रतिभागी छात्रों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया‌ और कहा कि ऐसे आध्यात्मिक कार्यक्रम भारतीय युवा शक्ति के चरित्र उत्थान में निश्चित ही सहायक हैं।
अत्यंत गौरव का विषय है कि इस्कॉन कानपुर इस यूथ फेस्ट के माध्यम से लगभग 10000 से भी अधिक युवाओं के साथ मिलकर मेंटल वैलनेस थीम पर वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराने जा रहा है ।
सभी सहभागी युवाओं को कृष्ण प्रसाद एवं भगवत गीता के साथ मेंटल वैलनेस किट उपहार स्वरूप प्रदान की गई ताकि वे कृष्ण भावनमृत के आधार पर समर्थ, चरित्रवान एवं सशक्त युवा बन सके । कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजई छात्रों को पुरस्कृत किया गया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में दक्षिता गुप्ता‌(प्रथम), तेजस्व शर्मा (द्वितीय), रितिक गुप्ता (तृतीय) विजई रहे। हैकाथोन प्रतियोगिता में तीन टीमें विजई रही, टीम सारथी(उत्कर्ष त्रिपाठी ,वैष्णवी पांडे ,इशिका चौधरी) ने प्रथम, टीम मोक्ष(अक्षिता गुप्त, अनामिका पाल ,अंजली सोनी)ने द्वितीय एवं टीम टेक ब्रोकर(अभिषेक श्रीवास्तव , अमन वर्मा ,अविनाश मौर्य) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गीता कॉन्टेस्ट के अंतर्गत रचित बंसल ने प्रथम स्थान, विशाल गर्ग ने द्वितीय स्थान, साहिल नेगी ने तृतीय स्थान एवं रित उत्कर्ष ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। वीडियोकॉन टेस्ट प्रतियोगिता में देवांश ओझा ने प्रथम स्थान, रितिक गुप्ता ने द्वितीय स्थान एवं हिमांशी कुशवाहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु विभिन्न संस्थानों जैसे वेलस्पन ग्रुप, लूपिन ग्रुप ,जेके ग्रुप,राधा मोहन पुरुषोत्तम दास ज्वेलर्स आदि ने बहुमूल्य सहयोग प्रदान किया है।
कार्यक्रम के दौरान इस्कॉन कानपुर के प्रेसिडेंट श्रीमान प्रेम हरिनाम दास जी ,मंदिर चेयरमैन श्रीमान एसके पालीवाल जी एवं वाइस चेयरमैन श्रीमान महेंद्र अग्रवाल जी उपस्थित रहे।
अवश्य ही इस कार्यक्रम ने युवाओं को जीवन की कठिन परिस्थितियों में श्रीमद्भगवद्गीता पर आधारित आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से अपनी मेंटल वैलनेस एवं तनाव मुक्त जीवन सुनिश्चित करने में मार्गदर्शन प्रदान करते हुए एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाहन किया।

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
WhatsApp Image 2025-12-26 at 18.39.14
nsingh