राजू श्रीवास्तव की विरासत को आगे बढ़ाते, 6 फरवरी को रिलीज होगी धमाकेदार कॉमेडी फिल्म चक्कर चवन्नी का।
भद्देपन से दूर, पूरे परिवार को हंसाने आ रही है चक्कर चवन्नी का, टीम ने साझा किए किस्से।
ठहाकों के शहर कानपुर में एक बार फिर हंसी की महफिल सजी। मौका था आगामी हिंदी फीचर फिल्म चक्कर चवन्नी की प्रेस कॉन्फ्रेंस का। रूमा स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित इस कार्यक्रम में फिल्म की पूरी स्टार कास्ट और मेकर्स ने मीडिया से रूबरू होकर फिल्म की मेकिंग और इसकी खूबियों पर खुलकर चर्चा की।
इस फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण कानपुर के लाडले और दिवंगत कॉमेडी किंग राजू श्रीवास्तव के छोटे भाई दीपू श्रीवास्तव हैं। दीपू ने फिल्म में एक बेहद अहम और गुदगुदाने वाली भूमिका निभाई है। प्रेस वार्ता के दौरान दीपू ने बताया कि यह फिल्म करीब 14 महीने की कड़ी मेहनत के बाद बनकर तैयार हुई है।
दीपू श्रीवास्तव ने आजकल की फिल्मों में परोसे जा रहे कंटेंट पर कटाक्ष करते हुए कहा की चक्कर चवन्नी का जैसी फिल्में यह साबित करती हैं कि दर्शकों को हंसाने के लिए भद्देपन या द्विअर्थी संवादों की जरूरत नहीं है। यह एक ऐसी फिल्म है जो सच्चा और पारिवारिक मनोरंजन प्रदान करती है।
दिक्षित फिल्म प्रोडक्शन प्रा. लि. के बैनर तले बनी इस फिल्म की कहानी आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी और उसकी जद्दोजहद के इर्द-गिर्द घूमती है। यह एक लाइट-हार्टेड कॉमेडी है, जिसमें हास्य और व्यंग्य का बेहतरीन तड़का लगाया गया है। निर्माताओं का दावा है कि यह एक साफ-सुथरी पारिवारिक फिल्म है, जिसे घर का हर सदस्य बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक एक साथ बैठकर देख सकता है।
फिल्म के निर्माता डॉ. अरविंद कुमार दीक्षित और रमा दीक्षित ने बताया कि उनका उद्देश्य सिनेमा के जरिए समाज को एक सकारात्मक संदेश देना है। फिल्म के निर्देशक डीपी सिंह (देव) ने कमान संभालते हुए हास्य के साथ संवेदनाओं को भी पिरोया है। उन्होंने कहा कि दर्शक सिनेमाहॉल से निकलते वक्त चेहरे पर मुस्कान लेकर जाएंगे।
प्रेस मीट में घोषणा की गई कि चक्कर चवन्नी का आगामी 6 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। कार्यक्रम के दौरान निर्देशक डीपी सिंह, निर्माता डॉ. अरविंद कुमार दीक्षित के भाई आनंद दीक्षित, विवेक मिश्रा, अमित दीक्षित, राखी तिवारी और लक्ष्मी दीक्षित सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
मोहम्मद नईम की रिपोर्ट



















