कानपुर। कल देर रात कानपुर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच की टीम ने छापेमारी करते हुए हवाला और अवैध लेनदेन से जुड़े एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 2.26 करोड़ रुपये नकद, लगभग 61.8 किलो चांदी (अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये) और नेपाली करेंसी बरामद की है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह छापेमारी कानपुर के धनकुट्टी क्षेत्र के घनी आबादी वाले इलाके में स्थित एक मकान में की गई। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल और ज्वाइंट सीपी विनोद कुमार भी मौके पर पहुंचे और पूरे अभियान की निगरानी की।
इस संबंध में एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि यह मकान किसी गुप्ता का है, जहां से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में मौके से लगभग दो करोड़ रुपये नकद और करीब 62 किलो चांदी बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि यह एक संगठित गिरोह का मामला प्रतीत हो रहा है और अन्य शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, सामने आने वाले तथ्यों को पुलिस द्वारा सार्वजनिक किया जाएगा।
भूपेंद्र सिंह की रिपोर्ट



















