Advertisement

रशिया में नौकरी और 70 हजार की सैलरी का झांसा देकर लाखों की ठगी, कानपुर पुलिस ने शातिर जालसाज अबरार अहमद को दबोचा।

 

कानपुर। विदेश जाकर पैसा कमाने का सपना देख रहे युवाओं को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर ठग को जाजमऊ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने रशिया (रूस) में ऊंचे वेतन पर नौकरी लगवाने के नाम पर एक युवक से लाखों रुपए ठग लिए और उसे मुंबई में बंधक बनाकर प्रताड़ित भी किया।
मामला कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र का है। पीड़ित प्रवीण कुमार ने बताया कि नवंबर 2024 में उसकी मुलाकात अबरार अहमद नाम के व्यक्ति से एक पार्क में हुई थी। अबरार ने खुद को ओवरसीज प्लेसमेंट एक्सपर्ट बताया और प्रवीण को झांसा दिया कि वह उसकी नौकरी रशिया में लगवा देगा। अबरार ने वादा किया कि वहां प्रवीण को 70,000 रुपये महीना सैलरी और रहने के लिए मुफ्त घर मिलेगा।
शातिर ठग ने प्रवीण का विश्वास जीतने के लिए बाकायदा कानूनी प्रक्रिया का नाटक किया। उसने पहले 50,000 रुपये का चेक लिया और फिर रशिया से ऑफर लेटर आने का झांसा देकर किस्तों में कुल 2,38,500 रुपये ऐंठ लिए। ठगी को असली रूप देने के लिए आरोपी ने कानपुर कचहरी में एक नोटाअरी एग्रीमेंट भी करवाया, ताकि पीड़ित को शक न हो।

धोखाधड़ी की हद तो तब हो गई जब जून 2025 में आरोपी प्रवीण को वीजा और फ्लाइट के बहाने मुंबई ले गया। वहां अबरार और उसके दो अज्ञात साथियों ने प्रवीण को एक कमरे में रखा और उससे अतिरिक्त 1 लाख रुपये खर्च करवा दिए। जब प्रवीण के पास पैसे खत्म हो गए, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और घर से और पैसे मंगवाने का दबाव बनाया। प्रवीण ने बताया कि उसे नौकर से भी बदतर हालात में रखा गया। एक रात मौका पाकर प्रवीण वहां से जान बचाकर भाग निकला।

वापस कानपुर आकर जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो अबरार ने उसे भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा— जहां शिकायत करनी है कर ले, अब पैसा नहीं मिलेगा।

प्रवीण की शिकायत पर जाजमऊ पुलिस तुरंत हरकत में आई। उप-निरीक्षक (SI) अमित कुमार और उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी अबरार अहमद को गिरफ्तार कर लिया।

मोहम्मद नईम की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh