श्री एस0एन0 साबत-पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवायें, उत्तर प्रदेश द्वारा दिनांक 16 अगस्त, 2023 को जिला कारागार, कानपुर नगर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय उनके साथ श्री नीलाब्जा चैधरी-संयुक्त पुलिस आयुक्त, श्री विजय ढुल-पुलिस उपायुक्त पश्चिमी, श्री शिवाजी-पुलिस उपायुक्त पूर्वी, श्री प्रमोद कुमार-डी0सी0पी0 सेण्ट्रल, श्री आकाश पटेल-सहायक पुलिस आयुक्त, श्री रंजीत कुमार-सहायक पुलिस आयुक्त तथा कारागार अधीक्षक-डाॅ0 बी0डी0 पाण्डेय सहित कारागार के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के उपरान्त इण्डियन आॅयल कारपोरेशन द्वारा जिला कारागार, कानपुर नगर में आयोजित ‘‘परिवर्तन-प्रिजन टू प्राइड’’ खेलकूद की श्रंखला का शुभारम्भ किया गया। इण्डियन आॅयल कारपोरेशन द्वारा कारागार में बन्दियों को खेलकूद के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस श्रंखला को प्रारम्भ किया गया है, जिसमें बाॅलीवाल, बैडमिन्टन, चेस एवं कैरम आदि बंदियों को सिखाने के लिए इण्डियन आॅयल कारपोरशन द्वारा कोच उपलब्ध कराये जायेगें। श्री साबत द्वारा कारागार चिकित्सालय, भोजनालय, महिला बैरक सहित सभी स्थानों का निरीक्षण किया गया। श्री साबत द्वारा कारागार अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि ‘‘ईच वन टीच वन’’ अवधारणा के अन्तर्गत कारागार में पढ़े-लिखे बंदियों को चिन्हित करते हुए उन्हें दूसरे बंदियों को पढ़ाने के लिये प्रेरित करें। बंदियों के कल्याण एवं पुनर्वास के लिये कारागार में किये जा रहे कार्यों के अन्तर्गत स्थानीय व्यवसायी श्री आकाश खरबन्दा के माध्यम से कारागार अधीक्षक द्वारा मोजा उत्पादन इकाई की स्थापना करायी गयी थी,जिसका श्री एस0एन0 साबत द्वारा शुभारम्भ किया गया। उल्लेखनीय है कि कारागार में मोजा बनाने की 22 मशीनें लगाई गयी हैं, जिन पर कार्य करने वाले बंदियों के बैक खाता खुलवाकर चेक के माध्यम से परिश्रमिक का भुगतान किया जायेगा। कारागार महानिरीक्षक द्वारा बंदियों के स्वस्थ मनोरंजन एवं उन्हे अवसाद से बचाने हेतु जेल रेडियों का भी शुभारम्भ किया गया। कारागार अधीक्षक द्वारा रेडियों एफ0एम0 के आर0जे0 श्री विश्वनाथ को कारागार पर बुलाकर बंदियों को 10 दिन आर0जे0 के रूप में कार्य करने का प्रशिक्षण प्रदान कराया गया था। बंदियों की रिहाई हस्तलिखित सूची के स्थान पर एल0ई0डी0 टी0वी0 के माध्यम से सूचित किये जाने के लिये कारागार के बाहर जहां बंदियों के परिजन प्रतीक्षा करते हैं उस स्थान पर एक डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड का शुभारम्भ भी आज श्री एस0एन0 साबत-पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक कारागार द्वारा किया गया। डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड के स्थापित हो पर जहां एक ओर बंदियों के परिजनों को उनकी रिहाई के सम्बन्ध में सुगमता से जानकारी हो सकेगी वहीं दूसरी ओर डिस्प्ले के माध्यम से कारागार में किये जा रहे विभिन्न रचनात्मक कार्यों जैसे-मेडिकल कैम्प, योग शिविर, व्यवसायिक शिक्षा आदि की जानकारी भी मुलाकाती प्रतीक्षालय में एकत्र होने वाले बंदियों के परिजनों को दी जा सकेगी। निरीक्षण के दौरान श्री साबत द्वारा ई-प्रिजन तथा वीडियो वाॅल एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की समीक्षा की गयी और इनको निरन्तर क्रियाशील रखने के निर्देश कारागार अधीक्षक को दिये गये। बंदियों के स्वास्थ के सम्बन्ध में कारागार पर तैनात दोनों चिकित्साधिकारी एवं पैरामेडिकल स्टाॅफ को बंदियों के स्वास्थ्य का निरन्तर ध्यान रखने के निर्देश दिये गये तथा कारागार कार्मिकों को एकत्र कर उन्हें अत्यन्त सतर्कता पूर्वक अपनी ड्यूटी करने के निर्देश दिये गये।
जिला कारागार, कानपुर नगर का पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक कारागार द्वारा निरीक्षण


















