इस्कॉन कानपुर के द्वारा छठी बार श्री जगन्नाथ रथ यात्रा का महोत्सव 14 जुलाई रविवार को आयोजित किया जा रहा है।
भक्ति वेदांत स्वामी श्रील प्रभुपाद जी ने संपूर्ण विश्व में भगवान जगन्नाथ की कृपा का विस्तार किया। आज इस्कॉन 90 से भी अधिक देशों में जगन्नाथ रथ यात्रा का आयोजन करता है जिसमें विभिन्न राष्ट्रीयता के लोग पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान श्री कृष्ण के इस दिव्य स्वरूप की कृपा प्राप्त करते हैं ।
इसी श्रृंखला में इस्कॉन कानपुर के द्वारा भी इस भव्य रथ यात्रा का आयोजन गुलाब राज गेस्ट हाउस, सी टी आई चौराहा से ग्लोरी गार्डन गेस्ट हाउस बर्रा बाईपास तक किया जाएगा।
इस वर्ष की अत्यंत विशेष रथ यात्रा में लाखों श्रद्धालु श्री श्री जगन्नाथ बलदेव व सुभद्रा महारानी की कृपा प्राप्त करने हेतु शामिल होंगे।
रशियन भक्तों का विशेष संकीर्तन बैंड भगवान जगन्नाथ की प्रसन्नता हेतु हरे कृष्ण महामंत्र एवं सुंदर वैदिक गीतों की प्रस्तुति करेगा।
इसी के साथ भगवान के विभिन्न स्वरूपों की सुंदर झांकियां, पारंपरिक नृत्य एवं नाटिका भी प्रस्तुत की जाएगी।
इस्कॉन कानपुर अध्यक्ष श्रीमान प्रेम हरि नाम प्रभु जी के द्वारा सभी कानपुर वासियों को इस दिव्य,भव्य व उत्साहपूर्ण रथ यात्रा में सहभागिता हेतु आमंत्रित किया गया है


















