सजेती थाना प्रभारी की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 10 महीने पुराने महिला हत्याकांड का खुलासा
सजेती थाना प्रभारी अनुज कुमार को पदभार संभाले अभी करीब 20 दिन ही हुए हैं, लेकिन इतने कम समय में उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कई मामलों का सफल खुलासा किया है। इसी क्रम में सजेती पुलिस ने एक सनसनीखेज महिला हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बीते 20 दिनों में थाना प्रभारी द्वारा करीब पांच बड़े मामलों का खुलासा किया जा चुका है, जिससे क्षेत्र में अपराधियों के बीच भय का माहौल है।
यह मामला कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के टिकवापुर गांव का है। बुधवार रात पुलिस को सूचना के आधार पर गांव के टावर के पास खुदाई कराई गई, जहां करीब 3 फीट नीचे एक महिला का कंकाल बरामद हुआ। यह कंकाल 45 वर्षीय रेशमा का था, जो सात बच्चों की मां थी और पिछले 10 महीनों से लापता थी।
अवैध संबंध बना हत्या की वजह
मामले की शुरुआत करीब तीन साल पहले हुई थी, जब रेशमा के पति रामबाबू संखवार की मौत हो गई। इसके बाद रेशमा का गांव के ही गोरेलाल से संबंध हो गया और वह उसके साथ लिव-इन में रहने लगी। इस रिश्ते से नाराज होकर रेशमा के बच्चों ने उससे दूरी बना ली थी।
बेटे की शिकायत से खुला राज
करीब 10 महीने तक रेशमा का कोई सुराग नहीं मिला। 29 नवंबर को परिवार में एक शादी थी, जिसके लिए रेशमा के बेटे बबलू ने मां को बुलाया, लेकिन जब वह नहीं पहुंची तो उसे शक हुआ। बबलू गोरेलाल के घर पहुंचा, जहां उसने कहा कि “तुम्हारी मां अब कभी नहीं आएगी।” इसके बाद बबलू ने 29 दिसंबर को सजेती थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पूछताछ में आरोपी ने उगला सच
पुलिस ने गोरेलाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती के बाद उसने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि अप्रैल 2025 में वह और रेशमा इटावा मजदूरी करने गए थे। वहां से लौटने के बाद रेशमा ने काम पर जाने से मना कर दिया। इसी दौरान गोरेलाल ने रेशमा पर अपने भाई के साथ रहने का दबाव बनाया, जिसका उसने विरोध किया। इसी बात को लेकर हुए विवाद में गोरेलाल ने रेशमा की गला घोंटकर हत्या कर दी।
शव को जमीन में दफनाया
हत्या के बाद आरोपी ने शव को दो दिन तक घर में छिपाकर रखा। बाद में उसने गांव के टावर के पास एक सुनसान जगह पर करीब 3 फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया।
आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ कंकाल
आरोपी की निशानदेही पर एसीपी कृष्णकांत यादव और पुलिस बल बुधवार रात गांव पहुंचे। खुदाई के दौरान रेशमा का कंकाल बरामद हुआ। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए और कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मोहम्मद नईम की रिपोर्ट


















