दमकल की देरी पड़ी भारी! धू-धू कर जली वाजिदपुर की HS इंटरनेशनल फैक्ट्री, 5 करोड़ का सामान खाक।
कानपुर के जाजमऊ के वाजिदपुर स्थित एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। जाजमऊ के वाजिदपुर स्थित HS इंटरनेशनल नाम की इस फैक्ट्री में, जो एमराल्ड निवासी नौशाद अहमद की बताई जा रही है, शॉर्ट सर्किट के चलते आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। इस आग में फैक्ट्री के भीतर रखी करोड़ों की मशीनें और कीमती फिनिश लेदर जलकर राख हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों और फैक्ट्री के कर्मचारियों के अनुसार, शाम 8 से 8:30 बजे काम के दौरान अचानक एक मशीन में शॉर्ट सर्किट हुआ। मशीन से निकली चिंगारी पास में ही पड़े कटिंग वेस्ट (चमड़े के कतरन) पर जा गिरी, जिससे देखते ही देखते आग सुलग उठी। वहां मौजूद कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए फायर सिलेंडर के जरिए आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन फैक्ट्री में भारी मात्रा में मौजूद चमड़े की वजह से आग ने चंद मिनटों में ही विकराल रूप धारण कर लिया। कर्मचारी बेबस हो गए और आग ने कटिंग डिपार्टमेंट से लेकर फिनिशिंग डिपार्टमेंट तक सब कुछ अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में फायर विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठे हैं। बताया जा रहा है कि सूचना के बावजूद दमकल की टीम को मौके पर पहुंचने में करीब 45 मिनट का समय लगा। संकरी गलियां और कंजस्टेड एरिया होने के कारण दमकल की गाड़ियों को मशक्कत करनी पड़ी। हद तो तब हो गई जब एक दमकल की गाड़ी का पानी कुछ ही मिनटों में खत्म हो गया और उसे वापस लौटना पड़ा। इस देरी की वजह से फैक्ट्री का एक पूरा फ्लोर जलकर स्वाहा हो गया।
फैक्ट्री कर्मचारियों के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब 4 से 5 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है। आग में न केवल कीमती विदेशी मशीनें जल गईं, बल्कि फिनिश लेदर, केमिकल और तैयार सेफ्टी शूज का भारी स्टॉक भी खाक हो गया।
आग की सूचना मिलते ही एसीपी आशुतोष कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित कर राहत कार्य शुरू कराया गया। चीफ फायर ऑफिसर (CFO) दीपक शर्मा ने बताया कि जाजमऊ, चकेरी की करीब 7 से 8 गाड़ियां मौके पर पहुंची है, फजलगंज और पनकी फायर स्टेशनों से भी गाड़ियां मंगगवाई गई है, आग पर लगभग काबू पा लिया गया है।
एसीपी आशुतोष कुमार ने पुष्टि की है कि आग पर काबू पा लिया गया है। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में केमिकल की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैली। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और कूलिंग का काम जारी है। गनीमत रही कि हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन आर्थिक तौर पर फैक्ट्री का कटिंग डिपार्टमेंट से लेकर फिनिशिंग, सोलिंग व पैकिंग डिपार्टमेंट पूरी तरह बर्बाद हो चुका है।
मोहम्मद नईम की रिपोर्ट


















