कानपुर: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने लगातार दूसरी बार अप्रैल में 10वीं और 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर परीक्षार्थियों का इंतजार खत्म किया। गुरुवार को जारी हुए परिणाम में दसवीं में प्रदेश के शीर्ष 10 में जिले से छह और सिटी टापर की सूची में 24 मेधावी रहे। 12वीं में प्रदेश की मेरिट में जिले से एक और सिटी टापर में 15 मेधावियों ने जगह बनाई है।
दसवीं में 95 और 12वीं में 86 प्रतिशत बच्चे पास हुए है।
6 मेधावी शहर के दसवीं में प्रदेश की टाप-10 सूची में शामिल है।
परीक्षार्थियों ने बेहतर परिणाम दिया है। राज्यस्तर पर शीर्ष 10 मेधावियों में पारितोष इंटर कालेज का दबदबा रहा। परिणाम घोषित होते ही स्कूलों की ओर बच्चे दौड़ पड़े।
1 मेधावी शहर का 12 वीं में प्रदेश की टाप-10 सूची में शामिल है।
शिक्षकों और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल दिखाई दिया। सभी ने विद्यालय में खूब जश्न मनाया। एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। प्रदेश में छठवां और जिले में प्रथम स्थान हासिल करने वाली परितोष इंटर कालेज की दिशा पांडेय ने सफलता का श्रेय स्कूल प्रबंधन और परिवार को दिया है। सागरपुरी निवासी दिशा ने 96.83 फीसद अंक हासिल किए हैं, जिसमें गणित में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके अलावा अंग्रेजी में 97, हिंदी में 97, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान और कला में 95 अंक हासिल किए हैं। वह इंटर करने के बाद आइएएस की तैयारी करना चाहती हैं। उनका सपना है कि वह प्रशासनिक सेवा में जाकर महिलाओं को उनका अधिकार दिलाएं। पिता मिलन पांडेय मछरिया स्थित एक कपड़े की दुकान में नौकरी करते हैं। मां ज्योति गृहिणी हैं। इसी तरह से गुंजन बिहार कर्रही निवासी अनुराग मिश्रा ने 96.67% अंक पाए। अंजलि सोनकर, रिया चौरसिया, अनिकेत सोनकर, आलोक शाक्य, अमन यादव, आयुष सिंह ने भी उच्चतम अंक प्राप्त किए हैं। प्रिंसिपल रचना अवस्थी ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















