कानपुर। शहर के रेल बाजार क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया, मेदांता हॉस्पिटल लखनऊ एवं छावनी व्यापार मंडल कानपुर के संयुक्त तत्वाधान में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य रूप से हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ और मेदांता हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. सौरव शुक्ला ने अपनी सेवाएं दीं, उन्होंने जोड़ों के दर्द, गठिया और बोन रिप्लेसमेंट से जुड़ी समस्याओं के बारे में मरीजों को परामर्श दिया। उनके साथ डॉ. हर्ष (फिजियोथेरेपी एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर) की टीम ने भी मरीजों को फिजियोथेरेपी के लाभ और शारीरिक व्यायाम के महत्व के बारे में जानकारी दी। शिविर के दौरान न केवल डॉक्टरों का परामर्श मिला, बल्कि मरीजों की कई महत्वपूर्ण जांचें भी निःशुल्क की गईं, जिनमें बीपी और शुगर की जांच, बीएमडी हड्डियों की मजबूती की जांच, पीएफटी फेफड़ों की कार्य क्षमता की जांच, ईसीजी हृदय संबंधी प्राथमिक जांच की गई। स्वास्थ्य शिविर रविवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रेल बाजार, कैंट कानपुर (इंद्रा निकेतन स्कूल के पास) आयोजित किया गया। छावनी व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य उन लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाना है, जो समय की कमी या आर्थिक कारणों से बड़े अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाते। आयोजन के अंत में आयोजकों ने चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया। शिविर में प्रमुख रूप से वेदांता हॉस्पिटल लखनऊ के डॉक्टर प्रदीप कुमार सिंह, डॉ हर्ष गुप्ता (फिजियोथेरेपिस्ट) डॉक्टर फरहान, डॉ सौरभ शुक्ला, राजेश शुक्ला एडवोकेट, छावनी व्यापार मंडल से राजू गुप्ता, आलोक वाजपेई, ज्ञानेश मिश्रा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















