Advertisement

क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह, छोटू तिवारी को चुना गया मैन ऑफ द मैच

कानपुर के हाथीपुर गांव में आयोजित रात्रिकालीन हाथीपुर प्रीमियर लीग (एचपीएल) में रविवार रात खेले गए मुकाबले में पत्रकार इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए धमना गांव की टीम को 9 विकेट से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच में पत्रकार इलेवन के खिलाड़ियों ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी धमना टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। पत्रकार इलेवन के गेंदबाजों ने शुरू से ही विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा, जिसके चलते धमना की टीम निर्धारित 10 ओवर में 9 विकेट खोकर मात्र 54 रन ही बना सकी। टीम का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। पत्रकार इलेवन की ओर से छोटू तिवारी, अमन सिंह और सुनील ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए। उनकी सटीक लाइन और लेंथ के सामने धमना के बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए।

55 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार इलेवन की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। सलामी बल्लेबाजों ने तेज शुरुआत दिलाते हुए विपक्षी टीम को मैच में वापसी का कोई मौका नहीं दिया। छोटू तिवारी ने नाबाद 22 रन और अमन सिंह ने नाबाद 17 रन की शानदार पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों की बेहतरीन साझेदारी की बदौलत पत्रकार इलेवन ने 4 ओवर शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 9 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की।
मैच में गेंद और बल्ले दोनों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छोटू तिवारी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उनके हरफनमौला प्रदर्शन की दर्शकों और खेल प्रेमियों ने जमकर सराहना की।

आयोजक मुख्तार, मोहम्मद कैफ, आमिर, फिरोज और मेराज ने बताया कि हाथीपुर प्रीमियर लीग का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है। पत्रकार इलेवन की जीत पर खिलाड़ियों और समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा।

मोहम्मद नईम की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh