Advertisement

केसा की लापरवाही क्षेत्र में हो सकती तबाही

कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र स्थित शीतला बाजार में बुधवार देर रात एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे लगे बिजली के पोल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पोल बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर टेढ़ा हो गया, जिससे उस पर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के गिरने का खतरा पैदा हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने सुरक्षित दूरी बना ली।

टक्कर मारकर फरार हुआ चालक

स्थानीय निवासी रमन जायसवाल, फरहान और नदीम के मुताबिक, पुरानी चुंगी से शीतला बाजार की ओर जा रहे ट्रक ने देर रात पोल में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पोल क्षतिग्रस्त होने से हाईटेंशन तार झूलने लगे, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

दुकानदारों ने खाली कीं दुकानें

हाईटेंशन तारों के झूलने की सूचना फैलते ही आसपास के दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें खाली कर दीं। लोग सुरक्षित दूरी पर खड़े होकर स्थिति सामान्य होने का इंतजार करते रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते लोगों की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया।

बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सूचना देने के बाद बिजली विभाग के कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचे जरूर, लेकिन तत्काल कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों में असुरक्षा की भावना बनी रही। स्थानीय निवासियों ने क्षतिग्रस्त पोल को जल्द बदलने और हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित करने की मांग की है।

मोहम्मद नईम की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh