कानपुर के जाजमऊ क्षेत्र स्थित एक लेदर फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर आग लग गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया और दमघोंटू धुआं आसपास के घरों में फैल गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
यह आग जाजमऊ के केडीए निवासी अरशद की ‘एकमे ट्रेनर्स’ नामक लेदर फैक्ट्री में लगी थी, जो हिंदुस्तान कंपाउंड में स्थित है। फैक्ट्री के तीसरे तल पर स्थित स्प्रे डिपार्टमेंट में रखे कंप्रेसर में शॉर्ट सर्किट होने से दोपहर करीब 3 बजे आग भड़क उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के दौरान डिपार्टमेंट में 6 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे।
आग भड़कने पर कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और आसपास के लोगों को सतर्क किया। कुछ ही देर में क्षेत्र के लोग घटनास्थल के बाहर जमा हो गए। कर्मचारियों ने टेनरी में रखे उपकरणों और पड़ोसी टेनरियों से पाइप लगाकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद भी वे आग पर काबू नहीं पा सके। बाद में दमकल की दो गाड़ीया ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
फैक्ट्री से उठते काले धुएं के गुबार को देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। कई परिवार एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए और आग बुझने तक सुरक्षित स्थानों पर खड़े रहे। लेदर फैक्ट्रियों में केमिकल, चमड़ा और अन्य ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में मौजूद रहती है, यही वजह रही कि दमकल विभाग को आग पर काबू पाने में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।
फायर अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि आग लगने की प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है। पुलिस और दमकल विभाग फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।
मोहम्मद नईम की रिपोर्ट


















