कानपुर, मंगलवार।-
समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर इकाई ने आगामी चुनावों को लेकर अपनी संगठनात्मक सक्रियता तेज कर दी है। परेड स्थित नवीन मार्केट के पार्टी कार्यालय में आयोजित मासिक बैठक में सपा ने बूथ स्तर पर घेराबंदी मजबूत करने और स्थानीय मुद्दों पर सड़कों पर उतरने का शंखनाद किया। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने की तथा संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू ने किया। बैठक में संगठन के सभी पदाधिकारीयों, राष्ट्रीय व प्रांतीय पदाधिकारियों सहित सभी फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों ने हिस्सा लेकर आगामी रणनीति पर मंथन किया।
बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा और संगठन की मासिक समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि चुनाव जीतने के लिए बूथ का मजबूत होना सबसे अनिवार्य शर्त है। अध्यक्ष ने सभी विधानसभा अध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण कार्य में जुट जाएं। मतदाता सूची में नाम बढ़ाने, कटवाने और संशोधन के लिए फॉर्म 6, 7 और 8 की कड़ी निगरानी की जाए, ताकि कोई भी सपा समर्थक मतदाता सूची से वंचित न रहने पाए।
हाजी फजल महमूद ने जनता के बीच पैठ बढ़ाने के लिए जमीनी अभियान का खाका भी पेश किया। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि कानपुर महानगर के प्रत्येक वार्ड और गली में डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही, पीडीए वर्ग को पार्टी से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर ‘पीडीए चौपाल’ का आयोजन किया जाएगा। आधुनिक दौर में सूचनाओं के आदान-प्रदान को धार देने के लिए फ्रंटल संगठनों और विधानसभा वार सोशल मीडिया टीमों का तत्काल गठन करने की घोषणा की गई, जो डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय भूमिका निभाएंगी।
महानगर अध्यक्ष ने दिवाली और त्योहारी सीजन में बेकाबू महंगाई पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जो सरसों का तेल पहले ₹110 से ₹120 प्रति लीटर मिलता था, वह आज ₹160 से ₹170 के पार पहुंच चुका है। त्योहारों पर बनने वाले पकवानों और मिठाइयों का आधार माने जाने वाले रिफाइंड व खाद्य तेलों में बेतहाशा उछाल आया है। जो दालें पहले ₹80 से ₹90 प्रति किलो मिलती थीं, वे अब ₹140 से ₹160 प्रति किलो बिक रही हैं। रसोई गैस सिलेंडर जो पहले ₹400 में मिलता था, वह आज ₹1000 के पार पहुंच चुका है। इसके अलावा आलू, प्याज और टमाटर जैसी बुनियादी सब्जियों के भाव भी ₹20-₹25 से बढ़कर ₹60 से ₹80 प्रति किलो तक पहुंच गए हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग की थाली से त्योहार की खुशियां छिन गई हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ आसमान छूते भावों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, वहीं दूसरी तरफ शहर में बिजली की अघोषित कटौती, पानी की किल्लत, टूटी सड़कें और चरमराई सफाई व्यवस्था ने जनता का जीना दूभर कर दिया है। सपा इन मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी और जल्द ही सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन छेड़ेगी।
मासिक बैठक मे प्रमुख रूप से महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद,महासचिव संजय सिंह बंटी सेंगर,वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेन्द्र यादव मिन्टू,नंदलाल जयसवाल,महेन्द्र सिह,परमवीर गंभीर,ओमप्रकाश गुप्ता,रजत मिश्रा,इम्तियाज रसूल,सुधाशु मिश्रा,सुलेखा यादव,के के मिश्रा,शिवकुमार वाल्मिक,अरमान खान,दीपक खोटे,शादाब आलम,जमालुद्दीन जुनैदी,हुकुम सिंह,मुमताज मंसूरी,आकाश यादव,शमसुल अंसारी,वीरेंद्र निषाद,अजय श्रीवास्तव,सजल कुशवाह,राजन पटेल,राजेंद्र जयसवाल,शादाब खान,दीप्ती सिंह,कीर्ती अग्निहोत्री,राजेंद्र कोरी,खालिद रजा,शिवम पटेल,राघवेन्द्र यादव,मेराज अहमद,नीरज गुप्ता,आदर्श यादव,इरफान हाशमी,नसीम अहमद,कुलवंत कालरा आदि लोग मौजूद रहे।।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















