Advertisement

परेड मैदान में श्रीरामलीला सोसाइटी का 149वां विजयादशमी पर्व, भव्य तैयारियां शुरू

कानपुर। श्री रामलीला सोसाइटी (रजि.) परेड कानपुर इस वर्ष अपना 149वां विजयादशमी पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ मना रही है। सोसाइटी के अध्यक्ष श्री महेन्द्र मोहन गुप्त ने प्रेस वार्ता में बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 11 सितम्बर से 19 सितम्बर 2025 तक श्रीराम कथा के साथ होगी। कथा का आयोजन प्रतिदिन रात्रि 7 बजे मर्चेन्ट चेम्बर सभागार, सिविल लाइन्स में पूज्यपाद दीदी मां मन्दाकिनी श्रीरामकिंकर जी के मुखारबिन्दु से होगा।

इसके उपरान्त 22 सितम्बर को रामलीला भवन में मुकुट पूजन के साथ रामलीला का औपचारिक शुभारम्भ किया जाएगा। प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा पूर्व निर्धारित मार्गों से निकलकर परेड मैदान पहुंचेगी, जहां मथुरा के सुप्रसिद्ध श्री महेश दत्त चतुर्वेदी (व्यास जी) के निर्देशन में उनकी मंडली द्वारा प्रभु श्रीराम की विभिन्न लीलाओं का मंचन होगा।

मुख्य आकर्षण

25 सितम्बर : श्रीराम बारात एवं श्रीराम विवाह

29 सितम्बर : लंका दहन

30 सितम्बर : कुम्भकरण वध

1 अक्टूबर : मेघनाद वध

2 अक्टूबर : विजयादशमी पर्व (दशहरा) – भव्य आतिशबाजी, लेजर शो व पुतला दहन

3 अक्टूबर : भरत मिलाप की शोभायात्रा

5 अक्टूबर : प्रभु श्रीराम का भव्य राज्याभिषेक

6 अक्टूबर : शरद पूर्णिमा लीला एवं कपियों की विदाई के साथ कार्यक्रम का समापन

सोसाइटी ने बताया कि इस बार भी जयपुर के सुप्रसिद्ध आतिशबाज आतिशबाजी का प्रदर्शन करेंगे।

प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा

श्री महेन्द्र मोहन गुप्त ने नगर निगम, पुलिस, यातायात विभाग, जलकल और केस्को से पूर्व की भांति सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अधिक वर्षा के कारण परेड मैदान में इण्टरलॉकिंग का कुछ हिस्सा अधूरा रह गया है, जिसे शीघ्र पूरा किया जाना आवश्यक है ताकि दर्शकों और शोभायात्रा में कोई असुविधा न हो।

शिक्षा क्षेत्र में भी योगदान

श्री रामलीला सोसाइटी की शाखा श्रीराम एजुकेशन सेंटर, पनकी में वर्तमान में 1,350 छात्र अध्ययनरत हैं। विद्यालय सीबीएसई से संबद्ध है और क्षेत्र के श्रेष्ठ विद्यालयों में गिना जाता है।

प्रेस वार्ता में अध्यक्ष महेन्द्र मोहन गुप्त के साथ वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव गर्ग, प्रधानमंत्री कमल किशोर अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पवन गर्ग, मंत्री अमरनाथ मेहरोत्रा, आलोक अग्रवाल, उपाध्यक्ष लालजी शुक्ला, विरेन्द्र अग्रवाल व प्रवीण अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Navratri special offer at Deepak EV
nsingh