करवाचौथ का त्योहार बीतने के बाद अब दीपावली के त्योहार के लिए कानपुर में बाजार सजने लगे हैं। जहां, एक्सप्रेस रोड पर लइया, खील खिलौना, गट्टा आदि का बड़ा और थोक बाजार है। इस बाजार में आसपास जिलों से दुकानदार खरीदारी के लिए आते हैं।
आपको बताते चलें कि, व्यस्ततम बाजार होने के चलते यहां वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। जिससे जाम के हालात बन जाते हैं। वहीं, शनिवार से बाजार लगना शुरू हो गया। जिससे जाम की स्थिति बनी, लेकिन यातायात को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अभी कोई इंतजाम नहीं किए हैं। अधिकारियों की माने तो, मौका मुआयना करने के बाद व्यवस्थाएं कराई जाएंगी। बता दें कि, एक्सप्रेस रोड पहले से ही व्यस्ततम बाजारों में एक है। यहां सभी त्योहारों पर खाद्यान्न का बड़ा बाजार लगता है। दीपावली के त्योहार पर यहां खील, खिलौना, लइया, गट्टा की बड़ी दुकानें लगती हैं। यहां पर घाटमपुर, बिधनू, महाराजपुर, समेत अन्य स्थानों से व्यापारी खरीदारी करने आते हैं। फुटपाथ के बाहर तक दुकानदार माल लगाते हैं। वहीं खरीदारी करने वाले फुटकर दुकानदार अपने वाहनों में यहां माल की लोडिंग कराते हैं। बताया गया कि, इस बार लइया, खील और चूरा मंहगा हुआ है, क्योंकि बारिश के कारण धान की फसल बह गई है। वहीं, गट्टा, खिलौना और इलाइची दाने के रेट में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।


















