फर्जी फर्म बनाकर लोगों को डराने-धमकाने और उनके दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के सरगना महफूज अली उर्फ पप्पू छुरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर इनाम भी घोषित था।
पुलिस के मुताबिक फरवरी महीने में हुई लूट की घटना में पीड़ित पक्ष ने तुरंत एफआईआर दर्ज नहीं कराई थी, लेकिन पुलिस ने खुद मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू की। सर्विलांस और जांच के आधार पर अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से करीब 11 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में सामने आया कि महफूज उर्फ पप्पू इस पूरे गिरोह का मुख्य सरगना है। यह लोग भोले-भाले लोगों के बैंक खाते खुलवाते थे और उन्हें लोन व बीमा दिलाने का झांसा देकर खातों का गलत इस्तेमाल करते थे। आरोपियों ने कई फर्जी जीएसटी फर्में भी बनवा रखी थीं।
जांच के दौरान पुलिस को 68 बैंक खातों में करीब 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा के संदिग्ध ट्रांजेक्शन मिले हैं। इस गैंग के तार पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक जुड़े पाए गए हैं। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जीएसटी व आयकर विभाग से भी संपर्क किया गया है।
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि एपीएमसी सर्टिफिकेट के जरिए बड़े स्तर पर अवैध पैसों का लेनदेन किया गया। साथ ही इस पैसे का संबंध स्लॉटर और स्क्रैप कारोबार से भी जुड़ा मिला है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


















