कानपुर। प्रख्यात समाजशास्त्री, शिक्षाविद एवं अंतरराष्ट्रीय शोधकर्ता डॉ. सबा यूनुस ने अपने महिला महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. प्रतिभा श्रीवास्तव को अपनी नवीन शोध पुस्तक “यूथ अनसर्टेन्टी एंड फ्यूचर नैरेटिव्स” सादर भेंट की। इस अवसर पर प्रो. प्रतिभा श्रीवास्तव ने पुस्तक का अवलोकन करते हुए इसकी विषयवस्तु की सराहना की तथा डॉ. सबा यूनुस के उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं शोध योगदान की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ एवं अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
डॉ. सबा यूनुस ने बताया कि “यूथ अनसर्टेन्टी एंड फ्यूचर नैरेटिव्स” उनकी सातवीं पुस्तक है। यह शोध कृति वर्तमान समय के युवाओं के समक्ष बढ़ती अनिश्चितताओं, बदलते सामाजिक एवं आर्थिक परिवेश, करियर, मानसिक स्वास्थ्य, तकनीकी परिवर्तन तथा भविष्य की चुनौतियों एवं संभावनाओं का समाजशास्त्रीय दृष्टिकोण से गहन विश्लेषण प्रस्तुत करती है। यह पुस्तक विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों, नीति-निर्माताओं एवं समाज विज्ञान के अध्येताओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
डॉ. सबा यूनुस की पूर्व प्रकाशित पुस्तकें भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराही गई हैं तथा उनकी सभी पुस्तकें ऑनलाइन उपलब्ध हैं। उनके अनेक शोध-पत्र प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। उनकी पुस्तकों, शोध-पत्रों तथा अन्य शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करने के लिए गूगल पर केवल “डॉ. सबा यूनुस”टाइप करना पर्याप्त है। इसके माध्यम से उनकी अकादमिक प्रोफ़ाइल, प्रकाशित शोध-पत्रों एवं सभी पुस्तकों के लिंक आसानी से प्राप्त किए जा सकते हैं।
इस अवसर पर प्रो. प्रतिभा श्रीवास्तव ने कहा कि महाविद्यालय के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि संस्थान की एक शिक्षिका शोध एवं लेखन के क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित कर रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. सबा यूनुस भविष्य में भी अपने शोध एवं साहित्यिक योगदान से समाज एवं शिक्षा जगत को नई दिशा प्रदान करती रहेंगी।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















