Advertisement

कानपुर: बर्रा 80 फीट रोड बनी “यमराज का द्वार”, गड्ढों से परेशान युवाओं ने यमराज बनकर किया अनोखा प्रदर्शन

 

कानपुर। बर्रा-6    80 फीट रोड में महीनों से सड़कों पर बने सैकड़ों गड्ढे अब जानलेवा बनते जा रहे हैं। बारिश के चलते गड्ढे पानी से लबालब भर गए हैं और दिखाई नहीं देते, जिससे राहगीर लगातार हादसे का शिकार हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इन गड्ढों में गिरकर कई लोग चोटिल हो चुके हैं, कई ई-रिक्शा पलट चुके हैं और उनमें बैठी सवारियां घायल हो चुकी हैं। क्षेत्रीय लोगों ने अपने स्तर पर गिट्टी और बालू डालकर कुछ गड्ढों को भरने का प्रयास भी किया, लेकिन बड़े-बड़े गड्ढे अभी भी जस के तस बने हुए हैं।

युवा समाजसेवी अभिषेक यादव के नेतृत्व में कई बार नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। जिसके बाद आक्रोशित समाजसेवी युवाओं ने आज सड़कों पर उतरकर अनोखा प्रदर्शन किया।

युवाओं ने यमराज का द्वार – ग्रैंड ओपनिंग का बैनर लगाकर और एक युवक को यमराज बनाकर बर्रा 80 फीट रोड पर पैदल मार्च किया। हाथों में बैनर लेकर नगर निगम और नगर आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि अगर समय रहते गड्ढों को नहीं भरा गया तो नगर निगम दफ्तर का घेराव कर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदर्शन में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यमराज के वेश में संदेश दिया गया कि – “अगर गड्ढे जल्द नहीं भरे गए तो मुझे परमानेंट यहीं रहना पड़ेगा और इंतजार करना पड़ेगा कि कब कौन गड्ढे में गिरकर मरेगा।”

प्रदर्शन में अभिषेक यादव, वैभव अवस्थी, दुर्गेश तिवारी, पीयूष अग्रहरि, गगन गुप्ता, सोनू पांडे, पारस त्रिपाठी, अमन राजपूत, सक्षम मिश्रा, अर्पित माथुर सहित कई युवा मौजूद रहे

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh