इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) कानपुर शाखा के वर्ष 2026-27 के वार्षिक चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मंगलवार, 1 सितंबर से नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई। चुनाव कार्यक्रम के तहत पर्चे 24 अगस्त से ही बांटे जा रहे थे, लेकिन नामांकन दाखिल करने की शुरुआत आज से हुई है।
आईएमए भवन में बने चुनाव कार्यालय में सुबह 10 बजे से ही अपने-अपने समर्थकों के साथ पर्चा दाखिल करने पहुंचे डॉक्टरों का तांता लगा रहा। नामांकन प्रक्रिया 6 सितंबर की शाम 5 बजे तक चलेगी।
अध्यक्ष और सचिव समेत सभी प्रमुख पदों पर आए दावेदार
चुनाव समिति की चेयरपर्सन डॉ. अर्चना भदौरिया ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के पहले ही दिन डॉक्टरों ने भारी उत्साह दिखाया और सभी मुख्य पदों के लिए अपने पर्चे दाखिल किए।
अध्यक्ष पदः डॉ. अमित सिंह गौर
उपाध्यक्ष पद (4 पद): डॉ. दिनेश सिंह सचान, डॉ. विकास मिश्रा, डॉ. सुभी वरयानी और डॉ. गणेश शंकर
48 कार्यकारिणी पदों के लिए पहले दिन 8 नामांकन आये है।
मतदान 27 सितंबर 2026 को परेड स्थित आईएमए भवन (‘टेंपल ऑफ सर्विस’) में बैलेट की जगह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के जरिए कराया जाएगा।
चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सख्त आचार संहिता लागू कर दी गई है। सभी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को सोशल मीडिया प्रचार, बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स लगाने पर लागू प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन करना होगा। चुनाव समिति ने सभी डॉक्टर सदस्यों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मतदान प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है।


















