कानपुर, 28 अक्टूबर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर एवं सामाजिक संस्था ‘प्रयत्न’ के संयुक्त तत्वावधान में सम्पूर्ण स्वास्थ्य एवं समग्र कल्याण पर केन्द्रित तृतीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन वेलनेस कॉन-2026 का आयोजन 30, 31 अक्टूबर एवं 1 नवंबर को विश्वविद्यालय परिसर में किया जा रहा है।
सम्मेलन का उद्घाटन 30 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11:10 बजे उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना द्वारा किया जाएगा। यह जानकारी कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने दी।
सम्मेलन की प्रमुख उपलब्धियां –
सम्मेलन के लिए 1100 पंजीकरण का लक्ष्य रखा गया था, जबकि अब तक 1149 प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं और पंजीकरण जारी है। भारत सहित कुल 8 देशों के वक्ता अपने विचार साझा करेंगे। 11 पद्म पुरस्कार से सम्मानित वक्ताओं सहित 64 वक्ता 61 वैज्ञानिक सत्रों में व्याख्यान देंगे। लगभग 400 शोध सारांश प्राप्त हुए हैं।
सम्मेलन में वेलनेस के 8 आयामों – शारीरिक, भावनात्मक, सामाजिक, बौद्धिक, व्यावसायिक, वित्तीय, पर्यावरणीय एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य पर विशेष चर्चा होगी।
कुलपति ने बताया कि पंजीकरण में लगभग 59 प्रतिशत महिलाएं एवं छात्राएं हैं, जो महिला सशक्तीकरण की मिसाल है।
कार्यशालाएं और आकर्षण –
आयोजन अध्यक्ष प्रो. संदीप कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य सम्मेलन से पूर्व 29 अक्टूबर को क्वालिटी कंट्रोल, फिजियोथेरेपी एवं स्पोर्ट्स इंजरी पर तीन विशेष कार्यशालाएं एवं हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग आयोजित होगी।
संयोजक प्रो. प्रवीण कटियार ने बताया कि 30 अक्टूबर को वेलनेस उत्सव के तहत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, 31 अक्टूबर को वेलनेस लॉरिएट्स सम्मान समारोह एवं वेलनेस लाइव विशेष आकर्षण होंगे। मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य तथा खुशहाली के दर्शन पर विशेष सत्र होंगे। आयुर्वेद एवं वेलनेस पर 5 विशेष व्याख्यान भी होंगे।
सम्मेलन का मूल दृष्टिकोण “Empowering Wellness, Advancing Knowledge, Transforming Lives” है।
इस अवसर पर संरक्षक डॉ. वंदना पाठक, प्रो. सुधांशु पांडिया, प्रो. आर.के. द्विवेदी, कुलसचिव राकेश कुमार मिश्र, आयोजन सचिव प्रो. मुनीश रस्तोगी, प्रो. अनुराधा कालानी, प्रो. निशा शर्मा, प्रो. दिग्विजय शर्मा, संयुक्त सचिव डॉ. प्रियंका शुक्ला, डॉ. राम किशोर, डॉ. हीना वैश्य एवं मीडिया प्रभारी डॉ. दिवाकर अवस्थी उपस्थित रहे।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















