कानपुर नगर। राष्ट्रीय शर्करा संस्थान, कानपुर की निदेशक प्रो. (डॉ.) सीमा परोहा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में फिजी शुगर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के लिए आयोजित 20-दिवसीय “अनुकूलित प्रशिक्षण कार्यक्रम” संस्थान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का शुभारंभ 28 सितंबर, 2026 को संस्थान की निदेशक प्रो. सीमा परोहा द्वारा फिजी में भारत के उच्चायुक्त महामहिम श्री सुनीत मेहता तथा फिजी शुगर कॉर्पोरेशन के सीईओ भान सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया था। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए निदेशक प्रो. सीमा परोहा ने कहा कि राष्ट्रीय शर्करा संस्थान विश्व पटल पर भारतीय शर्करा प्रौद्योगिकी के प्रचार-प्रसार हेतु प्रतिबद्ध है और फिजी के चीनी उद्योग के आधुनिकीकरण के लिए संस्थान हर संभव तकनीकी सहयोग प्रदान करेगा।5
निदेशक महोदया के दिशा-निर्देशन में इस कार्यक्रम का सफल समन्वय डॉ. विनय कुमार, प्रोफेसर (शर्करा अभियांत्रिकी) तथा श्री ब्रजेश सिंह, तकनीकी अधिकारी (आई.ई.), एनएसआई कानपुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के तकनीकी संकाय द्वारा शर्करा प्रौद्योगिकी एवं शर्करा अभियांत्रिकी के विभिन्न पहलुओं—जैसे मिलिंग, शर्करा प्रसंस्करण, वाष्प मितव्ययिता, ऊर्जा मितव्ययिता, उप-उत्पाद उपयोग, डिजाइन, स्वचालन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आदि विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिए गए। इस प्रशिक्षण में फिजी की तीन चीनी मिलों के लगभग 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के इस प्रथम ऑनलाइन चरण की सफलता और प्रो. परोहा की पहल से प्रभावित होकर, फिजी शुगर कॉर्पोरेशन ने एनएसआई कानपुर से यह प्रशिक्षण ‘फिजिकल मोड’ (प्रत्यक्ष रूप) में भी आयोजित करने का अनुरोध किया है। इसके अगले चरण में, एनएसआई कानपुर के विशेषज्ञों की एक टीम फिजी का दौरा करेगी और वहां प्रशिक्षण देगी। तत्पश्चात, एफएससी (फिजी) के वरिष्ठ अधिकारियों का एक दल आगामी पेराई सत्र के दौरान व्यावहारिक अनुभव के लिए दो माह तक एनएसआई कानपुर में रहेगा। यह दोनों देशों के बीच तकनीकी सहयोग की एक सतत प्रक्रिया होगी, जो चीनी उद्योग के क्षेत्र में भारत-फिजी संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करेगी।
यह संपूर्ण कार्यक्रम भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के अंतर्गत ‘भारतीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग’ कार्यक्रम के माध्यम से आयोजित किया गया है।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















