कानपुर के सर्वागीण विकास को लेकर हुई समीक्षा बैठक
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में हुई बैठक
कानपुर सांसद समेत तीनो सांसदों ने बैठक से बनाई दूरी
कानपुर में शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें शहर के सभी विधायकों सहित मंडलायुक्त, डीएम , पुलिस कमिश्नर और समस्त विभाग के अधिकारियों ने शिरकत की। इस दौरान शहर से जुड़ी कई योजनाओं पर चर्चा की गई।
आपको बताते चलें कि, इस बैठक में बीजेपी सांसद देवेंद्र सिंह भोले, सांसद सत्यदेव पचौरी और मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र से अशोक कुमार रावत नहीं शामिल हुये। तीनों सांसदों ने बैठक को लेकर पहले ही सवाल खड़े कर दिये थे। वहीं, बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उपस्थित अधिकारियों को प्रत्येक कार्यों को नियत समय और गुणवत्तापूर्ण कराने के निर्देश दिये। इसके साथ ही शहर के कई सौंदर्यीकरण और विकास प्रोजेक्ट्स को गति देने पर भी चर्चा की गई। वहीं, मीडिया से बात करते हुए सतीश महाना ने बैठक को लेकर हो रहे सांसदों से वाद विवाद पर कहा कि, उनके द्वारा बुलाई गई बैठक पर कोई सवाल नहीं उठा सकता। उनके पास महानगर में विकास की समीक्षा बैठक बुलाने के सभी अधिकार हैं।


















