Advertisement

अंतरराष्ट्रीय फिजियोथेरेपी सम्मेलन में कानपुर का गौरव बढ़ा

 

कानपुर। फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में कानपुर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान दर्ज कराई है। नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आयोजित विश्व फिजियोथेरेपी एशिया वेस्टर्न पैसिफिक क्षेत्रीय सम्मेलन-2026 में कानपुर के वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सुधीर कुमार द्विवेदी को सत्र अध्यक्ष बनाया गया। डॉ. द्विवेदी द्विवेदी एडवांस फिजियोथेरेपी एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर के निदेशक हैं और एएचएम डफरिन जिला चिकित्सालय में कार्यरत हैं।

सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने वीडियो संदेश के माध्यम से फिजियोथेरेपी के महत्व और स्वास्थ्य-पुनर्वास में इसकी भूमिका पर विचार रखे।

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 10 हजार से अधिक फिजियोथेरेपी विशेषज्ञों ने भाग लिया। इतनी बड़ी सहभागिता पर इसे वर्ल्ड रिकॉर्ड्स लंदन की ओर से विश्व रिकॉर्ड प्रदान किया गया। यह सम्मान वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक कौशिक ने प्रदान किया।

डॉ. द्विवेदी ने वैज्ञानिक सत्र का संचालन कर देश-विदेश के विशेषज्ञों के साथ अकादमिक चर्चा का नेतृत्व किया। इस अवसर पर भारतीय फिजियोथेरेपी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार झा ने उन्हें पदक पहनाकर सम्मानित किया।

यह सम्मेलन डॉ. संजीव कुमार झा और महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय प्रमुख डॉ. रुचि वार्ष्णेय के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसमें विश्व फिजियोथेरेपी के अध्यक्ष डॉ. माइकल लैंड्री, एशिया वेस्टर्न पैसिफिक क्षेत्र के अध्यक्ष प्रो. मार्को पैंग, ऑस्ट्रेलिया संघ के अध्यक्ष डॉ. रिक डॉसन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सिडी डिएय, राष्ट्रीय सहायक स्वास्थ्य व्यवसाय आयोग की अध्यक्ष डॉ. यागना उन्मेष शुक्ला और फिजियोथेरेपी व्यवसाय परिषद के अध्यक्ष डॉ. केएम अन्नामलाई समेत कई प्रतिष्ठित विशेषज्ञ मौजूद रहे।

सम्मेलन की मुख्य अतिथि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रहीं। सम्मेलन में फिजियोथेरेपी, आधुनिक पुनर्वास, शोध, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर गहन चर्चा हुई। अंतरराष्ट्रीय मंच पर कानपुर के चिकित्सक को यह जिम्मेदारी मिलना पूरे शहर के लिए गौरव का विषय है।

देवेश तिवारी की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
nsingh