कानपुर। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत “सेवा मेरा ध्येय” को मूल मंत्र मानकर सेवा सेतु अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय विधायक श्री सलिल विशनोई जी रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ समाज के जरूरतमंद लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, आशा बहुओं एवं भोजन सहायिकाओं का उत्साहवर्धन एवं सम्मान करना रहा।
इस अवसर पर विधायक सलिल विशनोई ने कहा कि सरकार की योजनाओं को अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, आशा बहुओं एवं भोजन सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इनके समर्पण और निरंतर प्रयासों से अनेक परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति में सुधार हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान दो गर्भवती बहनों की गोद भराई की गई तथा दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। इसके साथ ही ऐसे बच्चों, जो पूर्व में पूर्ण रूप से पोषित नहीं हो पाए थे और अब स्वस्थ होकर “हेल्दी बेबी” की श्रेणी में आ गए हैं, उनके पोषण एवं स्वास्थ्य की दिशा में कार्य करने वाली बहनों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में आर्य नगर विधानसभा क्षेत्र की महिला कार्यकर्ताओं तथा मंडल अध्यक्ष रमा शंकर अग्रहरि एवं दीपक शुक्ला की सहभागिता रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जोनल अधिकारी श्री विद्या सागर जी का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं सम्मानित बहनों ने जनसेवा के इस संकल्प को आगे बढ़ाने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


















