कानपुर। अखिल भारतीय सर्व ब्राह्मण महासभा ने नेटफ्लिक्स पर प्रसारित वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडित’ को विवादास्पद और समाज विरोधी बताते हुए इस पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की है। संगठन ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कानपुर जिलाधिकारी के माध्यम से एक ज्ञापन भेजकर आरोप लगाया है कि यह सीरीज एक विशेष समुदाय (ब्राह्मण) को लक्षित करके जातिगत अपमान फैला रही है और सामाजिक आक्रोश पैदा कर रही है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. वीरेंद्र दुबे और प्रांतीय अध्यक्ष पं. नरेंद्र द्विवेदी के द्वारा इस पत्र में कहा गया है कि सीरीज का शीर्षक और उसकी सामग्री ब्राह्मण समाज के प्रति अपमानजनक है, जिससे विभिन्न सामाजिक संगठनों में रोष है।
मांग पत्र में मांग की गई है कि मुख्यमंत्री इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए सीरीज के निर्देशक और टीम के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई करें और वेब सीरीज पर रोक लगवाएं। ब्राह्मण महासभा के प्रमुख पदाधिकारियों ने इस मुद्दे पर त्वरित कार्रवाई की अपील की है। संगठन की ओर से पत्र जारी करने वालों में राष्ट्रीय महामंत्री पं. नरेश चंद्र त्रिपाठी, प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष पं. वरुण मिश्रा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पं. असीम बाजपेयी और प्रांतीय महामंत्री पं. ओम नारायण त्रिपाठी शामिल हैं।
फिलहाल, इस मामले पर सरकारी कार्रवाई का इंतजार है। यह मामला ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रसारित सामग्री और सामाजिक संवेदनशीलता के बीच चल रही बहस को एक बार फिर उजागर करता है।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















