कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मौरंग से लदे एक ट्रैक्टर ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे युवती 15 फीट गहरे बंबा में जा गिरी। अनियंत्रित ट्रैक्टर भी उसके ऊपर पलट गया।
मृतक युवती की पहचान देहली, सुजानपुर निवासी प्रियंका उर्फ नन्ही राजपूत (22) के रूप में हुई है, जो एक निजी अस्पताल में नर्स थी। सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपने जीजा शीलू से मिलने थाना सेन पश्चिम पारा के पसरौली गांव गई थी।
वापस लौटते समय पसरौली गांव में मौरंग से लदे ट्रैक्टर ने उसकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद प्रियंका 15 फीट गहरे बंबा में जा गिरी और अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली भी उसके ऊपर पलट गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटवाकर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
प्रियंका के पिता कन्हैया राजपूत उर्फ वीरू दूध का कारोबार करते हैं, और मां श्रीकांती गृहिणी हैं। उसके दो भाई भी हैं।
मृतिका के चाचा कल्लू राजपूत ने बताया कि घटना के समय प्रियंका के चचेरे भाई मोती की बेटी शिवांशी का मुंडन कार्यक्रम चल रहा था। इस दुखद खबर से परिवार में मातम छा गया। परिजन रामादेवी स्थित कांशीराम अस्पताल पहुंचे और शव देखने के बाद चीख पुकार मच गई।
मोहम्मद नईम की रिपोर्ट


















