कानपुर। गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र में विश्वकर्मा समाज की एक नाबालिग बेटी के साथ हुई जघन्य और अमानवीय घटना के विरोध में आज समाजवादी पार्टी, कानपुर महानगर इकाई ने कड़ा रुख अख्तियार किया। महानगर अध्यक्ष हाजी फ़ज़ल महमूद के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिलाधिकारी महोदय का प्रतिनिधित्व कर रहे एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार को सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से सपा नेताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि गाजीपुर की घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। सपा नेताओं ने पुरजोर तरीके से कहा कि वर्तमान सरकार में पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों (PDA) के विरुद्ध अपराधों की बाढ़ आ गई है और सत्ता के संरक्षण में पीडीए समाज को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। एक तरफ सरकार महिला सुरक्षा के बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर मासूम बेटियों के साथ ऐसी हृदयविदारक घटनाएँ घट रही हैं। सपा ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि विपक्षी दलों को पीड़ित परिवार से मिलने से रोकना लोकतंत्र की मर्यादा के खिलाफ है और यह कदम असलियत को दबाने का एक प्रयास है। पार्टी ने इस पूरे प्रकरण की किसी स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष उच्च स्तरीय जाँच कराने और दोषियों को ऐसी कड़ी सजा देने की माँग की है जो भविष्य में नजीर बने।
समाजवादी पार्टी ने सरकार से पीड़ित परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार को तत्काल पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने की पुरजोर माँग की है। महानगर अध्यक्ष हाजी फ़ज़ल महमूद ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि समाजवादी पार्टी शोषितों और पीड़ितों के हक की लड़ाई अंतिम सांस तक लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज के साथ हो रहा सौतेला व्यवहार अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला, तो पार्टी व्यापक स्तर पर लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से कानपुर महानगर अध्यक्ष हाजी फ़ज़ल महमूद,वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिन्टू,रोहित विश्वकर्मा,मोनू विश्वकर्मा,नंदलाल जयसवाल,फैसल महमूद,सत्यनारायण गहरवार,आंनद शुक्ला,महेन्द्र सिह,मुमताज मंसूरी,आकाश यादव,सुलेखा यादव,के के मिश्रा,शादाब आलम,दीपक खोटे,अनूप यादव,महेश कन्नौजिया,राजेश गोंड कश्यप,सोनू वर्मा,सुधांशु मिश्रा,खालिद रजा,दीपा यादव,पिंटू ठाकुर,कमलेश ओमर,कीर्ती अग्निहोत्री,दीप्ती सिंह,निशांत गुप्ता,मोहतसिम अलीम पप्पी,श्याम सिंह बबलू,प्रीतम सिंह,वीरू पासवान आदि लोग मौजूद रहे।।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















