Advertisement

सीएम ग्रिड के कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने हेतु नगर आयुक्त ने दिए कड़े निर्देश

 

कानपुर नगर निगम में आज दिनांक 19 सितंबर 2026 को अपराह्न 4:00 बजे नगर आयुक्त श्री अर्पित उपाध्याय की अध्यक्षता में सीएम ग्रिड के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु एक आवश्यक बैठक आहूत की गई। बैठक में कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ-साथ समस्त अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान नगर आयुक्त द्वारा सीएम ग्रिड के अंतर्गत प्रत्येक मार्ग पर संचालित कार्यों का एक-एक कर तकनीकी रूप से विश्लेषण किया गया। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं से कार्यों में आ रही विभिन्न प्रकार की बाधाओं एवं विलंब के कारणों की जानकारी प्राप्त की तथा प्रत्येक प्रकरण में संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम ग्रिड के कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के लिए कार्य को दो पालियों में संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार दिन एवं रात्रि दोनों पालियों में पर्याप्त मानवबल एवं संसाधन लगाकर कार्य की गति को बढ़ाया जाए, ताकि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण किया जा सके।

साथ ही, अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को जल निगम, मेट्रो, केस्को, कानपुर विकास प्राधिकरण सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों से निरंतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए, जिससे कार्यदायी संस्थाओं को कार्य निष्पादन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्थाओं को यह भी निर्देशित किया कि निर्माण कार्य के दौरान जनसुविधा एवं *यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। मार्ग पर कहीं भी मिट्टी, मलबा, मिट्टी के ढेर अथवा निर्माण* *सामग्री/अपशिष्ट को अनावश्यक रूप से एकत्रित न होने दिया जाए।

इसके अतिरिक्त कार्यवाही संस्थाओं को स्पष्ट रूप से कहा गया कि यदि यह कार्य निर्धारित समय अवधि पूर्ण नहीं होता है तो आर्थिक रूप से दंड अधिरोपित कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी ।
कार्यस्थल को व्यवस्थित रखते हुए आवागमन सुचारु बनाए रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

नगर आयुक्त द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को सीएम ग्रिड के कार्यों की निरंतर निगरानी करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के लिए कड़े निर्देश दिए गए।

 

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
nsingh