Advertisement

₹5600 करोड़ के फर्जीवाड़े में बड़ी सफलता: ₹25,000 का इनामी इखलाक उर्फ साहिल गिरफ्तार, साथी आमिर भी दबोचा गया

 

कानपुर। शहर में सामने आए ₹5600 करोड़ के चर्चित वित्तीय घोटाले में कानपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में नामजद ₹25,000 के इनामी आरोपी इखलाक उर्फ साहिल ने पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचकर अचानक आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दिया। पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस आयुक्त के स्टाफ ऑफिसर योगेश कुमार ने बताया कि जिस रिटायर्ड दरोगा के पुत्र की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी, उसने स्वयं पुलिस दफ्तर आकर सरेंडर किया है। हिरासत में लेकर उससे सिंडिकेट के अन्य नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है।

8 दिनों में 4 बैंक खातों से 180 करोड़ का लेनदेन

जांच के दौरान यह बात सामने आई थी कि इखलाक के नाम पर दर्ज 4 बैंक खातों में लगभग ₹180 करोड़ का संदिग्ध लेन-देन हुआ था।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने जानकारी दी कि जांच में आरोपी के एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, एचडीएफसी और आईसीआईसीआई बैंक में खाते पाए गए हैं। महज 8 दिनों के भीतर इन खातों में भारी-भरकम ट्रांजैक्शन दर्ज किए गए:
आईसीआईसीआई बैंक: ₹3.50 करोड़
बैंक ऑफ बड़ौदा: ₹1.84 करोड़
एचडीएफसी बैंक: ₹1.10 करोड़
एसबीआई: ₹1.09 करोड़

निशानदेही पर मुख्य सहयोगी मो. आमिर गिरफ्तार

पूछताछ के दौरान इखलाक ने खुलासा किया कि उसके इन सभी बैंक खातों का संचालन और सारा लेन-देन उसका साथी मो. आमिर ही करता था। इखलाक की निशानदेही पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सिंडिकेट के मुख्य सदस्य मो. आमिर को भी गिरफ्तार कर लिया है।

बाउंसर और थार के साथ झाड़ता था रौब

मूल रूप से प्रयागराज का रहने वाला इखलाक कानपुर के बासमंडी स्थित सोहन लाल के हाते में रह रहा था। वहीं गिरफ्तार आमिर के ठाठ-बाठ देखकर जांच अधिकारी भी हैरान हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आमिर के पास डीएलएफ (DLF) में एक लग्जरी फ्लैट और थार गाड़ी है। वह इलाके में अपना रौब जमाने के लिए हमेशा अपने साथ बाउंसर लेकर चलता था।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है और इस ₹5600 करोड़ के बड़े सिंडिकेट से जुड़े अन्य सरगनाओं व खातों की कड़ियां खंगालने में जुटी है।

 

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
nsingh