बबूल के पेड़ पर लटके मिले युवक-महिला के शव, प्रेम प्रसंग की बात आई सामने, उन्नाव के रहने वाले है महिला और युवक, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के सुभौली गांव के पास शनिवार सुबह करीब 11: 30 बजे रेलवे लाइन किनारे बबूल के पेड़ पर युवक और युवती के शव फंदे से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों शव एक ही पेड़ पर मिलने के बाद ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
घटनास्थल पर फॉरेसिंक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना पर पहुंची महाराजपुर पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शवों की शिनाख्त शुरू की।
ADCP पूर्वी शिवा सिंह ने की जांच-पड़ताल
एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि सुबह करीब 11:30 बजे डायल-112 पुलिस को सूचना मिली थी कि सुभौली गांव से करीब एक किलोमीटर दूर रेलवे लाइन किनारे बबूल के पेड़ से एक पुरुष और महिला का शव लटका है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास शुरू किए।
फोन नम्बर से हुई शिनाख्त, मौके पर मिला महिला का आधार कार्ड और कीपैड फोन
घटनास्थल से एक पॉलीथिन मिली, जिसमें बाइक की चाबी, महिला का आधार कार्ड और एक कीपैड मोबाइल फोन मिला। मोबाइल से सिम निकला हुआ था। पॉलीथिन से 4,200 रुपये नकद, जबकि युवक की पैंट की जेब से 200 रुपये मिले। आधार कार्ड के आधार पर पुलिस ने महिला के परिजनों से संपर्क किया। उसकी बहन ने महिला की पहचान मालती के रूप में की। उसने बताया कि मालती की करीब आठ साल पहले शादी हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। वह तीन दिन पहले घर से लापता हो गई थी।
हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल पर जांच कर रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान ओम के रूप में हुई है। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग होने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सामान को सुरक्षित कर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और युवक के परिजनों से भी संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
मोहम्मद नईम की रिपोर्ट


















