कानपुर। जिले में कृषि व्यापारियों ने सोमवार को अपनी दुकानें बंद करके धरना-प्रदर्शन किया। एग्रो इनपुट डीलर एसोसियेशन ने प्रदेश में कृषि व्यापारियों के साथ हो रहे उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाई है। एसोसियेशन ने कानपुर डीएम को समस्याओं के निराकरण के लिए ज्ञापन सौंपा है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान जिले की सभी कृषि दुकानें सोमवार को बंद रहीं। व्यापारियों ने एकजुटता से अपनी मांगों को लेकर धरना दिया। एसोसियेशन के प्रदेश अध्यक्ष अतुल त्रिपाठी ने बताया कि व्यापारी बंधु काफी समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं लेकिन उनकी समस्याओं का अभी तक कोई समाधान नहीं निकाला गया है। इसी वजह से हम लोगों ने सरसैया घाट से डीएम कार्यालय तक धरना-प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। हम सभी व्यापारी खाद के साथ हो रही टैगिंग से बहुत परेशान हैं और ना चाहकर भी मजबूरन खाद के साथ अन्य उत्पाद खरीदने पड़ते हैं। हम इस पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग कर रहे हैं। खाद और कीटनाशक बनाने वाली कंपनियां डीलरों पर अनावश्यक उत्पाद खरीदने का दबाव बनाती हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे संघर्ष को और तेज करेंगे।
उन्होंने बताया कि डीलरों की मांग है कि खाद-कीटनाशकों पर डीलरों का मार्जिन बढ़ाकर 8 फीसदी किया जाए। किसी उत्पाद का सैंपल फेल हो तो कानूनी कार्रवाई सीधे कंपनी पर होनी चाहिए। खाद की सप्लाई सीधे रिटेल गोदामों तक सुनिश्चित की जाए। बीज साथी पोर्टल की जटिलताओं को केवल कंपनियों तक ही सीमित रखा जाए। व्यापारियों की सरकार से मांग है कि वे कंपनियों की मनमानी पर लगाम लगाएं। इस विरोध प्रदर्शन में एसोसियेशन के प्रदेश अध्यक्ष अतुल त्रिपाठी, जिला महामंत्री प्रशांत चोला, आशुतोष कटियार, जिला अध्यक्ष अश्विनी कटियार समेत तमाम व्यापारी और व्यापारिक नेता मौजूद रहे।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















