कानपुर, 23 अप्रैल 2026। अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा, कानपुर नगर के पदाधिकारियों ने सोमवार को महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र के ग्राम कटरिया में हुई नाबालिक निशा विश्वकर्मा की हत्या और पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा पर हुए हमले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा कटरिया गांव में नाबालिक निशा विश्वकर्मा के परिजनों से घटना की जानकारी लेने पहुंचे थे। निशा के साथ दबंगों द्वारा कथित रूप से बलात्कार कर हत्या कर दी गई थी और शव गंगा नदी में फेंक दिया गया था। पूर्व मंत्री पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों की अनुमति से गांव पहुंचे थे।
आरोप है कि एसओ सिटी गाजीपुर, थानाध्यक्ष करंडा और पुलिस बल की मौजूदगी में ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह उर्फ आशु द्वारा पूर्व मंत्री व उनके समर्थकों पर पथराव किया गया। पथराव में पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए तथा पार्टी के कई कार्यकर्ता भी चोटिल हुए। महासभा ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना रहा।
महासभा ने की ये प्रमुख मांगें:
– पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा पर हमले के दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
– निशा विश्वकर्मा के हत्यारों को फांसी की सजा दी जाए।
– पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
– ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आशुतोष सिंह आशु के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाए।
– सीओ सिटी और थानाध्यक्ष करंडा सहित लापरवाह पुलिसकर्मियों को बर्खास्त किया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में महासभा के जिला अध्यक्ष डॉ. डी.के. विश्वकर्मा, दिनेश शर्मा, जगत नारायण विश्वकर्मा, वीरेंद्र कुमार, सत्यनारायण शर्मा, सूरज वली विश्वकर्मा, रामसागर विश्वकर्मा, ओम प्रकाश विश्वकर्मा, सुमित सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















