Advertisement

इस्कॉन कानपुर में भक्तिमय उल्लास के साथ संपन्न हुआ दिव्य नौका विहार महोत्सव

 

10 मई, 2026 रविवार को इस्कॉन कानपुर में श्री श्री राधा माधव जी का सर्वाकर्षक एवं अत्यंत भक्तिमय नौका विहार महोत्सव हर्षोल्लास एवं आध्यात्मिक वातावरण के मध्य संपन्न हुआ। ग्रीष्म ऋतु में भगवान को शीतलता एवं आनंद प्रदान करने हेतु वैष्णव परंपरा में आयोजित होने वाला यह उत्सव भक्तों के लिए दिव्य आध्यात्मिक अनुभूति का माध्यम बना। श्रील प्रभुपाद जी की असीम कृपा एवं आशीर्वाद से इस प्रकार के दिव्य उत्सव विश्वभर के इस्कॉन मंदिरों में आयोजित किए जाते हैं, जिनके माध्यम से लाखों लोग कृष्ण भक्ति एवं संकीर्तन आंदोलन से जुड़ रहे हैं।

सायं 5 बजे से भव्य मंदिर परिक्रमा एवं शोभायात्रा का शुभारंभ मंगलमयी मृदंग व शंख ध्वनि के साथ हुआ। इसके पश्चात आकर्षक बैंड द्वारा गाय गए भक्तिमय वैष्णव गीतों ने संपूर्ण वातावरण को उत्सवमय बना दिया। शोभायात्रा में गोपाल-वेश में सुसज्जित बालकों ने सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। उनके पीछे पीतवर्ण वस्त्रों में सुसज्जित माताजीगण सुंदर कलश धारण कर अत्यंत भक्तिभाव से यात्रा में सम्मिलित हुईं।

इसके उपरांत भव्य यांत्रिक गजराज पर विराजमान श्री श्री राधा माधव जी के दिव्य दर्शन ने समस्त भक्तों को भावविभोर कर दिया। हरे कृष्ण महामंत्र का गूंजता संकीर्तन एवं मधुर शास्त्रीय श्लोकों के सुंदर उच्चारण ने संपूर्ण वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा एवं भक्ति रस से परिपूर्ण कर दिया। कीर्तन मंडली के उत्साहपूर्ण संकीर्तन में सैकड़ों श्रद्धालु नृत्य एवं हरिनाम संकीर्तन करते हुए सम्मिलित हुए।

सायं 6 बजे से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भक्तिमय भजन, संकीर्तन, नृत्य प्रस्तुतियों एवं कृष्ण भक्ति पर आधारित सुंदर प्रस्तुतियों ने सभी भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर भगवान के दिव्य नामों का संकीर्तन करते रहे।

सायं 7 बजे से श्री श्री राधा माधव जी का बहुप्रतीक्षित दिव्य नौका विहार महोत्सव प्रारंभ हुआ। मंदिर परिसर स्थित कृष्ण कालिया कुंड में भगवान का अलौकिक नौका विहार कराया गया। भगवान के विहार हेतु हंस आकार में निर्मित अतिसुंदर नौका विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पुष्पों, मनोहर रंगोलियों एवं रंग-बिरंगी दिव्य प्रकाश सज्जा से सुसज्जित मंदिर परिसर ने उपस्थित श्रद्धालुओं को वृंदावन धाम की अनुभूति कराई। भक्तजन भगवान के नौका विहार दर्शन कर ““हरे कृष्ण” महामंत्र का संकीर्तन करते हुए आध्यात्मिक आनंद में डूब गए।

अक्षय तृतीया से प्रारंभ हुई चंदन यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित इस महोत्सव ने समस्त कानपुरवासियों को अत्यंत आकर्षित किया।

इस दिव्य अवसर पर उत्तर प्रदेश के जोनल सेक्रेटरी श्रीमान देवकीनंदन प्रभु जी विशेष रूप से उपस्थित रहे तथा उन्होंने अपने प्रेरणादायी आशीर्वचनों द्वारा समस्त भक्तों को श्रीनाम संकीर्तन एवं कृष्ण भक्ति में निरंतर अग्रसर रहने का संदेश प्रदान किया।

कार्यक्रम में उन्नाव के जिलाधिकारी श्रीमान घनश्याम मीणा जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही समिति सदस्य श्री महेंद्र अग्रवाल जी, श्री एस.के. पालीवाल जी, श्री मुकेश पालीवाल जी, श्री मनोज गुप्ता जी सहित अनेक गणमान्य अतिथिगण भी इस दिव्य महोत्सव में सम्मिलित हुए।
सभी अतिथियों ने इस्कॉन कानपुर द्वारा आयोजित इस भव्य एवं आध्यात्मिक उत्सव की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में भक्ति, संस्कृति एवं सकारात्मक मूल्यों के प्रसार में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के उपरांत समस्त श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक महाप्रसाद वितरित किया गया।

मंदिर अध्यक्ष श्रीमान प्रेम हरिनाम प्रभु जी ने इस दिव्य उत्सव में पधारने वाले समस्त श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं कानपुर वासियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री श्री राधा माधव जी की असीम कृपा से यह महोत्सव अत्यंत भव्य, अलौकिक एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

अजीत कुमार की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh