Advertisement

कानपुर के नए डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने संभाला कार्यभार, कलेक्ट्रेट का किया निरीक्षण

कानपुर। महेंद्र सिंह तंवर ने बुधवार को कानपुर नगर के 59वें जिलाधिकारी के तौर पर अपना कार्यभार संभाल लिया। कोषागार में कार्यभार लेने के बाद वह कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात कर उनका परिचय लिया।

इसके बाद डीएम ने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने अलग-अलग पटलों और कार्यालयों में जाकर वहां चल रहे कामकाज, रिकॉर्ड रखने की व्यवस्था और लंबित मामलों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई और रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

कार्यभार संभालने के बाद डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने पत्रकारों से बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना और जनता की समस्याओं का समय पर और सही तरीके से समाधान करना रहेगा।

उन्होंने कहा कि कानपुर की जरूरतों को समझते हुए विकास कार्यों और लोगों को मिलने वाली सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा। अधिकारियों के साथ मिलकर टीम भावना से काम किया जाएगा और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी।

2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं महेंद्र सिंह तंवर

महेंद्र सिंह तंवर 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। कानपुर नगर उनके जिलाधिकारी के रूप में तीसरा जिला है। इससे पहले वह संतकबीरनगर और कुशीनगर के जिलाधिकारी रह चुके हैं। इसके अलावा गाजियाबाद के नगर आयुक्त, गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और शाहजहांपुर में मुख्य विकास अधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनुभव सिंह, आईएएस संदीप कुमार, एडीएम सिटी सौरभ सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक चतुर्वेदी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
nsingh