कानपुर। आशा एवं आशा कर्मचारी संगठन (CBMS) की अध्यक्षा अर्चना के नेतृत्व में आशाओं ने मुख्य चिकित्साधिकारी, कानपुर नगर को 9 सूत्रीय समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा।
दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि जिला अस्पतालों में आशाओं को बिना आशा (शहरी) आई.डी. के अंदर नहीं जाने दिया जाता है, जबकि ज्यादातर आशाओं को सी.एम.ओ. द्वारा आई.डी. उपलब्ध ही नहीं कराया गया है।
आशाओं का भुगतान समय से, पारदर्शिता के साथ तथा पूर्ण भुगतान नहीं होता, जिससे वे परेशान रहती है। आशाओं से कई ऐसे अतिरिक्त काम लिये जाते हैं, जिनका कोई भुगतान नहीं होता।जिला अस्पतालों में आशाओं के ठहरने के लिए एक कक्ष उपलब्ध कराया जाए। पोलियो, फाइलेरिया, कुष्ठ तथा महिला आरोग्य समिति का भुगतान नहीं होता है। किस मद का कितना भुगतान किया गया, इसकी जानकारी आशाओं को नहीं दी जाती। प्रसव के मामलों में जिला अस्पताल में पैसा लेकर आशा को अंदर नहीं जाने दिया जाता और केस को अंदर ही अंदर सेटिंग कर प्राइवेट में भेज दिया जाता है। एंबुलेंस वाले मरीज की सुविधा के अनुसार नहीं, बल्कि अपनी सुविधा के अनुसार जिला अस्पताल ले जाते हैं। जिला अस्पताल में आशाओं की जगह दलालों को अंदर जाने दिया जाता है और वहां के कर्मचारी आशाओं से अभद्र भाषा में बात करते हैं। संगठन ने मुख्य चिकित्साधिकारी से सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















