कानपुर। कानपुर कैटरर्स एसोसिएशन (कानपुर जोन) की ओर से कैटरिंग एवं आयोजन व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से 9 अक्टूबर को विराट सम्मेलन, आमसभा एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर दो बजे मर्चेंट चेंबर हॉल में होगा। सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान, सांसद रमेश अवस्थी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
मंगलवार को कचहरी सिविल लाइंस स्थित जागृति गोल्डन पेटल्स में आयोजित प्रेसवार्ता में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य केवल संगठन के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देना नहीं, बल्कि कैटरिंग एवं आयोजन व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों की समस्याओं, चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना पर व्यापक चर्चा करना है।
सम्मेलन में भुगतान संबंधी समस्याओं, व्यवसायिक चुनौतियों, प्रशासनिक समन्वय, लाइसेंस, यातायात एवं पुलिस से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही गुणवत्ता, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा (एफएसएसएआई), आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और व्यावसायिक अनुशासन को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।
एसोसिएशन सामाजिक जिम्मेदारी को भी अपनी प्राथमिकता में शामिल करेगा। भोजन की बर्बादी रोकने, जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने और आवश्यकता के समय अन्न सेवा जैसे कार्यों को बढ़ावा देने की योजना है। सदस्यों के लिए प्रशिक्षण, स्वास्थ्य एवं दुर्घटना सुरक्षा, बीमा, सामूहिक खरीद और 24 घंटे हेल्पलाइन जैसी सुविधाओं की रूपरेखा पर भी विचार किया जाएगा।
सम्मेलन में कानपुर नगर के अलावा कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, फतेहपुर, इटावा, कन्नौज और फर्रुखाबाद सहित कई जिलों के कैटर्स शामिल होंगे। प्रेसवार्ता में संरक्षक सुरेश गुप्ता, अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता, महामंत्री अभिषेक तिवारी, कोषाध्यक्ष शिवनाथ कश्यप, सहकोषाध्यक्ष विवेक दीक्षित, पवन साहू बउवा महाराज, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सदन झा, मीडिया प्रभारी गौरव गुप्ता, संजू यादव, रौबिन्स वर्मा और प्रियाशु गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कैटरर्स की समस्याओं और कारोबार के विकास पर होगा मंथन, 9 अक्टूबर को विराट सम्मेलन


















