चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के कुलपति डॉ संजीव गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना यूनिट-3 के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों के लिए विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के अंतर्गत ‘नशा मुक्ति’ विषय पर स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों, स्वस्थ जीवनशैली एवं नशामुक्त समाज के निर्माण से संबंधित प्रभावशाली और प्रेरणादायक स्लोगन प्रस्तुत किए।इसके पश्चात ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपने चित्रों के माध्यम से विकसित, स्वच्छ, शिक्षित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत की कल्पना को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। चित्रों में देश के विकास, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं राष्ट्र निर्माण जैसे विभिन्न पहलुओं को दर्शाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. संगमित्रा महापात्र, कार्यक्रम अधिकारी तथा डॉ. रश्मि सिंह, कार्यक्रम समन्वयक यूनिट-3 के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता, सेवा भावना एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।दोनों प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूकता फैलाने तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















