विश्व शिक्षक दिवस के अवसर पर इंटरनेशनल सेंटर कानपुर सोसाइटी के तत्वावधान में पूर्व कुलपति प्रो. एच.एन. मिश्रा उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा के साथ-साथ चिकित्सा, तकनीकी, प्रबंधन, कृषि तथा विभिन्न शिक्षा क्षेत्रों से जुड़े उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत, वंदे मातरम्, सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य गणेश सिंह रहे विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी मुरारी लाल अग्रवाल जी का भव्य स्वागत किया गया शिक्षकों के योगदान को समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि एक शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देता, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण भी करता है। समारोह में पी.एन. कॉलेज के प्राचार्य प्रो. बी.के. कटियार, पालीवाल डायग्नोस्टिक सेंटर के निदेशक डा. उमेश पालीवाल, तिरंगा अग्रवाल्टी के एमडी डा. नरेन्द्र शर्मा, वरिष्ठ समाजसेवी सेठ मुरारीलाल अग्रवाल, उद्यमी शोभाल राज, आईआईटी के प्रोग्राम मैनेजर दीपक अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
शिक्षक दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी सेठ मुरारी लाल अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।
आयोजकों ने बताया कि समाज में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने और उनके कार्यों को सम्मान देने के उद्देश्य से यह समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह के दौरान सेठ मुरारी लाल अग्रवाल ने विभिन्न क्षेत्रों से चयनित शिक्षकों को पुरस्कार एवं सम्मान-पत्र के प्रदान किए गए। समारोह में सोसाइटी के चेयरमैन एडवोकेट सुमित मिश्रा, प्रबंध समिति सदस्य पल्लवी मिश्रा, शैलेन्द्र द्विवेदी, कृष्णकांत दीक्षित, डा. संदीप कुमार श्रीवास्तव, नीरज कुमार चौधरी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मोहम्मद आमिर की रिपोर्ट


















