Advertisement

600 कन्याओं का पूजन, बालकों ने दिया नारी सम्मान का संदेश

 

बेटियों के सम्मान, महिला सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का संदेश देने के उद्देश्य से वीरेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित पांच दिवसीय हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के दूसरे दिन कन्या वंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के करीब 30 विद्यालयों से 1500 बच्चों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें से 600 बालिकाओं का पूजन कर उनका सम्मान किया गया। समारोह की सबसे खास बात यह रही कि प्राथमिक विद्यालयों की छात्राओं का पूजन उन्हीं के विद्यालयों के छात्र बालकों ने किया। इस पहल के माध्यम से बालिकाओं के प्रति सम्मान, समानता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. संगीता सामंत ने कहा कि बेटियों का सम्मान केवल एक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे परिवार और समाज की सोच का हिस्सा बनाना जरूरी है। महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना बचपन से विकसित होगी, तभी एक बेहतर और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव होगा।

विशिष्ट अतिथि डॉ. मंजुला राजस जोशी ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाली घटनाओं पर रोक लगाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। केवल कानून के भरोसे महिला सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती, बल्कि परिवार, विद्यालय और सामाजिक संस्थाओं को भी जागरूकता बढ़ाने के लिए आगे आना होगा।

मुख्य वक्ता डॉ. विष्णुशंकर ने कहा कि कन्या वंदन जैसे आयोजन समाज को अपनी सोच और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर देते हैं। बेटियों को सम्मान देने के साथ उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है। महिलाओं के प्रति होने वाले भेदभाव और अपराधों को रोकने के लिए पुरुषों और महिलाओं दोनों की सहभागिता आवश्यक है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. वंदना पाठक ने कहा कि बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनमें शिक्षा के साथ आत्मसम्मान और आत्मविश्वास का विकास करना होगा। महिलाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने और सामाजिक चुनौतियों का मजबूती से सामना करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

वहीं संयोजक प्रकाश शर्मा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से नई पीढ़ी में संस्कार, समानता और नारी सम्मान की भावना विकसित होती है। बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही समाज में उनके प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना जरूरी है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके सम्मान व सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम के प्रमुख सर्वव्यवस्था बृजमोहन सिंह ने बताया कि समारोह के लिए शहर के लगभग 30 विद्यालयों से 1500 बच्चों को आमंत्रित किया गया था। इनमें 600 बालिकाओं का पूजन किया गया। प्राथमिक विद्यालयों के बालकों द्वारा छात्राओं का पूजन कराना आयोजन की विशेष पहल रही। इसके जरिए बच्चों को छोटी उम्र से ही बेटियों के सम्मान और महिलाओं के प्रति आदर का भाव रखने का संदेश दिया गया।

प्रमुख रूप से प्रतिभागी स्कूलों – स्कॉलर मिशन,CHS गुरुकुलम, BNSD शिक्षा निकेतन, पंडित दीन दयाल,आर्चीज श्याम नगर, ACME स्कूल, SGM आजाद नगर, कैलाश सरस्वती इंटर कॉलेज, सेठ मोतीलाल खेड़िया, यूनाइटेड पब्लिक स्कूल, शारदा मेमोरियल पब्लिक स्कूल, उमर वैश्य विद्यालय,जुगल देवी शिशु मंदिर, GNK शिशु मंदिर आदि शामिल रहे

दिलीप मिश्रा की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
WhatsApp Image 2026-10-20 at 13.45.07
nsingh