कानपुर में महापौर प्रमिला पांडे लगातार प्राचीन मंदिरों में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चला रही हैं। उसी कड़ी में मेयर ने कर्नलगंज क्षेत्र के करीब एक दर्जन मंदिरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें अधिकांश मंदिरों में कब्जे मिले, जिसे देख महापौर भड़क गई। वहीं महापौर ने कहा कि जल्द ही अभियान चलाकर कब्जा करने वालों पर सख्त कार्यवाही होगी।
बता दें कि कानपुर में पहली बार प्राचीन मंदिरों में कब्जों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। महापौर लगातार मंदिरों का निरीक्षण कर, उन्हें कब्जा मुक्त करा रही हैं। बीते दिनों भी चमनगंज और पीरोड के मंदिरों में कब्जा करने वालों पर कार्यवाही की गई थी। वहीं बुधवार को मेयर ने भारी पुलिस बल के साथ कर्नलगंज के छिपियाना, लुधौरा, चूडीमोहाल , लकड़मंडी समेत कई इलाकों में मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी मंदिरों में विशेष समुदाय द्वारा कब्जा मिला। किसी मंदिर में होटल खुला मिला, तो कहीं बिल्डिंग तनी दिखाई दी। वहीं प्राचीन मंदिरों में कब्जा देख महापौर भड़क गई। जिसके बाद उन्होने एक मंदिर का ताला तोड़कर देखा। उन्होने कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के आदेश दिए हैं। बताते चलें कि कर्नलगंज इलाके में मंदिरों में कब्जों की शिकायत पूर्व पार्षद मूल चंद लोधी ने की थी।


















