कानपुर में एक बार फिर कटरी क्षेत्र में तेंदुए की दहशत फैल गई है, जिससे ग्रामीण खौफ के साए में है। उधर वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने के लिए जद्दोजहद कर रही है, लेकिन अभी तक कामयाबी नहीं हाथ लगी। वहीं , पिछले दो दिनों से तेंदुए ने गांव के मवेशियों को अपना शिकार बनाया है। जिसके बाद उसने ग्रामीणों पर भी हमला बोला। उधर वन विभाग ने तेंदुए की तलाश में नाइट विजन कैमरे लगाए हैं। बता दें, इससे पहले भी तेंदुए के कारण कटरी में दहशत फैल चुकी है।
बताते चलें कि, तेंदुए के खौफ से कटरी के 4 गांवों भगवानदीन पुरवा, भोपालपुरवा, बनियापुरवा, दुर्गापुरवा में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले 15 दिनों में तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ इस क्षेत्र में कई जानवरों पर हमला कर चुका है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि, तेंदुआ मादा है। वहीं, तेंदुए के डर से लोगों ने खेत पर जाना बंद कर दिया है। फिलहाल, वन विभाग ने नवाबगंज के भगवानदीन पुरवा में तेंदुए को पकड़ने के लिए एक पिंजड़ा रखा है, जिसमें मरे हुए जानवर को भी डालागया है। लेकिन तेंदुआ पिंजड़े के पास न जाकर आसपास शिकार कर रहा है। मादा तेंदुए के साथ 2 शावकों के पैरों के निशान भी मिले हैं। एरिया बड़ा होने की वजह से कॉम्बिंग नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रधान पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होने बताया कि, गांव में बिजली की समस्या होने के कारण दोपहर बाद लोग घरों में कैद हो जा रहे हैं। रात में अंधेरा रहता है, जिससे तेंदुआ आसानी से शिकार कर रहा लहै। उन्होने बताया कि, प्रधान उनकी कोई मदद नहीं कर रहे। इसके साथ ही ग्रामीण रात रात भर जागकर अपने घरों और मवेशियों की खुद रक्षा कर रहें हैं। वहीं दिन में भी ग्रामीण कुल्हाड़ी और डंडा लेकर अपनी रक्षा करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुआ दिन में भी गांव में घुस आता है और शिकार करने की कोशिश कर रहा है। फिलहाल वन विभाग ने तेंदुआ पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगा दिया है, लेकिन अभी तक कोई कामयाबी नहीं मिली है।
कटरी क्षेत्र में तेंदुए की दहशत


















