Advertisement

सावन मास के पहले सोमवार पर बाबा आनंदेश्वर मंदिर परमट में लगा भक्तों का तांता

सावन मास के पहले सोमवार पर शहर भर के शिवालयों में देर रात से ही मंदिरों में भक्तों का तांता लग गया। महादेव के जलाभिषेक के लिए भक्त गंगा जल और बेल पत्र लिए मध्य रात्रि से ही भोले बाबा के दर्शन को पहुंचे। महादेव की भक्ति का ऐसा नजारा था कि देर रात शिवालयों में मानो आस्था का संगम देखने को मिला। वातावरण में हर-हर महादेव के जयकारों की गूंज और भक्तों की जुबां पर बोल-बम का उद्घोष गूंज रहा था।
पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार को बाबा आनंदेश्वर मंदिर परमट, जागेश्वर महादेव मंदिर, सिद्धनाथ मंदिर, सोमनाथ मंदिर और वनखंडेश्वर मंदिर में मध्य रात्रि तीन बजे मंगला आरती के बाद मंदिर के पट खुलते ही भक्तों ने महादेव का जलाभिषेक किया। दो वर्ष बाद कोरोना संक्रमण की बंदिशों से मुक्त होकर भक्तों ने श्रावण मास में बाबा का पूजन दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। रविवार को मध्यरात्रि से ही शिवालयों के बाहर हजारों की संख्या में शिवभक्त एकत्र हो गए। बाबा आनंदेश्वर मंदिर में रविवार शाम को भोग आरती के बाद मंदिर के पट बंद कर मंगला आरती की तैयारी शुरू की गई। जहां एक ओर गर्भ गृह में महादेव के शृंगार पूजन की तैयारी चल रही थी। वहीं, दूसरी ओर भक्तों का सैलाब मंदिर के बाहर बढ़ता ही जा रहा था। बाबा के दर्शन को आतुर भक्तों का उत्साह और गंगा की कल-कल करती जलधारा वातावरण को मधुर संगीत प्रदान कर रही थी। मानो गंगा मईया भी महादेव का आह्वान कर रहीं हो। जैसे-जैसे भक्तों की कतार बढ़ रही थी वैसे-वैसे वातावरण में बाबा के जयकारों की गूंज बढ़ रही थी। वहीं सोमवार मध्यरात्रि दो बजे जूना अखाड़ा के महंत अरुण भारती व पुजारियों ने महादेव का शृंगार कर आरती पूजन किया। शृंगार से पहले महादेव पर गंगा जल, दूध, शहद, चंदन, दही, अक्षत, बेल पत्र और पुष्प अर्पित किया गया। मंगला आरती के बाद मंदिर के पट भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिए गए। भक्तों ने बारी-बारी गर्भ गृह में प्रवेश कर महादेव का जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की। शिव भक्तों की टोली ने पुलिस बल के साथ भक्तों को दर्शन कराने में अहम भूमिका निभाई। श्रावण मास के पहले सोमवार को महादेव के स्वागत के लिए शिवालयों को मनोहारी स्वरूप प्रदान किया गया। विभिन्न प्रकार के पुष्पों से प्रवेश द्वार से लेकर गर्भ गृह को सजाया गया। महादेव के दर्शन के बाद भक्तों ने शिवालयों की रंग-बिरंगी लाइट और पुष्पों की मनोहारी छटा को कैमरे में कैद किया।

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
WhatsApp Image 2025-12-26 at 18.39.14
nsingh